इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र में रेडीमेड कपड़ा कारोबारी के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाश सोने-चांदी के आभूषण सहित रुपये चुरा ले गए। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से चोरों का पता लगा रही है।
पुलिस के मुताबिक फरियादी पारस जैन निवासी कान्यकुब्ज नगर है। पीथमपुर में उनका रेडीमेड कपड़े का होलसेल का काम है। वे परिवार सहित 1 मई को गुजरात घूमने गए थे। 5 मई को वापस लौटे तो चोरी का पता चला। मेन गेट सहित घर के अंदर के कमरों में लगे हुए सभी ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। चोर बेडरूम की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने की चेन, चांदी की पायजेब व 35 हजार रुपये चुरा ले गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है। गली में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे है। पुलिस मेन रोड के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
दुल्हन के जेवर चोरी
उधर, एक घर में घुसे अज्ञात बदमाश दुल्हन के जेवर चुरा ले गए। एमआइजी थाना पुलिस के मुताबिक फरियादी 28 वर्षीय रानी पाटोदी निवासी रुस्तम का बगीचा है और 11 मई को उसकी शादी है। रानी ने पुलिस को बताया कि घर में पिता और बड़ी बहन है। सभी शादी का सामान लाने व कार्ड बांटने में लगे थे। घर में सोने के टाप्स, चांदी का कंदोरा, चांदी की चेन रखी थी। 1 मई को रकम घर में देखी थी। 4 मई को घर के अंदर से ही जेवर गायब हो गए। अज्ञात बदमाश घर के खुले दरवाजे से घुसकर जेवर चुरा ले गया। पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इंदौर
कपड़ा कारोबारी के घर में घुसे चोर, ताला तोड़कर जेवर व रुपये ले गए
- 07 May 2022



