इंदौर। करवाचौथ पर्व आज मनाया जा रहा है। सुबह से पति की लंबी उम्र और मंगल कामना लिए सुहागिनों ने निर्जला व्रत शुरू कर दिया और रात में चांद को अघ्र्य देकर व्रत पूरा करेंगी। पर्व के चलते जहां बाजारों में बुधवार को भीड़ दिखाई दी, वहीं आज सुबह से पूजन सामग्रियों की दुकानों सहित अन्य दुकानों पर खासी भीड़ रही।
कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाए जाने वाले इस पर्व पर इस बार विशेष योग बन रहा हैं जो मंगलकारक होंगे। इस बार बुध अपनी ही स्वराशि कन्या राशि में रहेगा और सूर्य कन्या राशि में पहले से ही स्थित हैं। इसलिए इस बार इन दोनों की युक्ति बुध आदित्य योग का निर्माण कर रही है जो विशेष फलदायी होगी।
इस दिन रोहिणी नक्षत्र शाम 6.41 बजे बाद आरंभ होगा जो पूरी रात रहेगा और चंद्रोदय रात 8.25 बजे होगा। करवाचौथ पर्व को लेकर शहर में विशेष उत्साह नजर आ रहा है। कोरोना महामारी के चलते बिते दो वर्षों में जहां करवाचौथ पर वृहद आयोजन नहीं हुए वहीं इस बार कई संस्थाओं द्वारा सामूहिक पूजन और उद्यापन कार्यक्रम होंगे। जागृति महिला मंडल द्वारा बिचौली मर्दाना स्थित श्री वैष्णव धाम में करवाचौथ महोत्सव बनाया जाएगा। यहां 1101 महिलाएं सामूहिक पूजन करेंगी। इस अवसर पर कौन बनेगी श्रीमती करवा चौथ 2022 स्पर्धा भी आयोजित की जाएगी। दोपहर 3 बजे से कार्यक्रम आरंभ होगा। संस्था की भावना हलूवालिया, दीप्ति शर्मा, रचना गुप्ता व साक्षी दुआ ने बताया कि आयोजन में पर्व से संबंधित कई स्पधार्एं भी होंगी। यहां भगवान शिव-पार्वती पर केंद्रीत नृत्य नाटिका भी होगी। इसके अलावा यातायात के नियमों के पालन का संकल्प भी दिलाया जाएगा। श्री अग्रसेन महासभा द्वारा करवाचौथ पर निश्शुल्क उद्यापन कराया जाएगा। इसमें 101 महिलाएं करवाचौथ का उद्यापन करेंगी। पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को गीताभवन परिसर में महिलाओं ने मेहंदी लगाई और भजन-कीर्तन का आनंद लिया।
संस्था अविराम शक्ति द्वारा करवाचौथ प्री सेलिब्रेशन अर्जुन नगर गांव में हुआ। ग्रामीण महिलाओं के बीच हुए इस आयोजन में उन्हें मेहंदी भी लगवाई गई, कुछ मनोरंजक खेल भी खेले गए और पर्व पर आधारित चर्चा भी हुई। इस अवसर पर संस्था अविराम की अंशु अग्रवाल, सोनाली गुप्ता, अंजना खंडेलवाल, साधना गोलछा, प्रवीणा जैन, निलेश सोनी आदि उपस्थित थे।
इंदौर
करवा चौथ- सुबह भी बाजारों में रही भीड़, महिलाओं का निर्जला व्रत शुरू, पति की लंबी उम्र की कामना
- 13 Oct 2022