Highlights

इंदौर

खेत में काम कर रही महिला गोली लगने से घायल

  • 30 Nov 2022

इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक महिला को गोली लगने से हड़कंप मच गया। वह खेत में काम कर रही थी, तभी घटना हो गई। घटना स्थल से एक किलोमीटर दूर विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) की फायरिंग रेंज है। शक है वहां से आकर लोगी लगी है।
पुलिस के मुताबिक, घायल महिला का नाम गिरिजा पति हीरालाल चौहान निवासी सनावदिया है। वह दोपहर करीब 12 बजे गफूर पटेल के खेत में बेटी रोशनी, परिचित जुलेसा व अन्य महिलाओं के साथ निंदाई का काम कर रही थी। अचानक गिरिजा के हाथ में नुकीली चीज आकर लगी और खून निकलने लगा। काफी देर तक तो महिला को आभास ही नहीं हुआ। चुभन होने पर महिला ने देखा तो कपड़े खून से सने थे। उसने अन्य महिला को बताया। गोली लगने का शक जताया और नौलखा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती किया। एक्स-रे से पता चला कि गिरिजा के हाथ में गोली धंसी थी। सूचना पर खुड़ैल थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक, घटना स्थल से करीब एक किमी दूर ग्राम जामनिया में एसएएफ की फायरिंग रेंज है। मंगलवार को एसएएफ की फायरिंग का दिन भी था। इसकी थाने में सूचना दी गई थी। आसपास के गावों में मुनादी भी करवा दी थी।