Highlights

देश / विदेश

गुड़गांव में 'डिजिटल अरेस्ट' की बड़ी लूट: रिटायर कैग अधिकारी से 18 दिन तक डराकर ठगे 2.13 करोड़ रुपये

  • 11 Feb 2026

बल्लभगढ़। गुड़गांव में साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सेवानिवृत्त कैग अधिकारी और उनकी पत्नी को साइबर ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग का फर्जी आरोप लगाकर 18 दिन तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा और गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनके खातों से कुल 2.13 करोड़ रुपये ठग लिए। साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर‑64सी निवासी पीड़ित इंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि 13 जनवरी को उन्हें वाट्सएप कॉल के जरिए ठगों ने संपर्क किया और खुद को सीबीआई, ईडी और मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी बताकर डराया। ठगों ने कहा कि उनके साथ मनी लॉन्ड्रिंग का एक मामला जुड़ा है और नरेश गोयल नामक व्यक्ति से 20 लाख रुपये की मांग की जा रही है।
ठगों ने पीड़ित दंपति पर वीडियो कॉल के जरिए लगातार निगरानी रखी और फर्जी लेटरहेड पर ईडी, सीबीआई और सुप्रीम कोर्ट के दस्तावेज दिखाकर गिरफ्तारी और संपत्ति जब्त करने की धमकी दी। उन्हें घर से बाहर निकलने और किसी से बात करने से भी मना किया गया।
डर और मानसिक दबाव के चलते पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 2 करोड़ 13 लाख 16 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर इंद्र कुमार ने 9 फरवरी को साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई।
साभार लाइव हिन्दुस्तान