Highlights

देश / विदेश

ग्रेटर नोएडा STF का बड़ा धमाका: स्कूलों को धमकी देने वाले ई-मेल कनेक्शन का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार

  • 14 Feb 2026

ग्रेटर नोएडा. ग्रेटर नोएडा स्थित स्पेशल टास्क फोर्स नोएडा यूनिट ने ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़ किया है. एसटीएफ ने इस गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. खास बात यह है कि इन्हीं आरोपियों के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जो नोएडा के विभिन्न स्कूलों को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल से जुड़े रिकवरी मेल में प्रयोग किया गया था. गिरफ्तार आरोपियों में नेपाल और भारत के नागरिक शामिल हैं, जो गाजियाबाद के इंदिरापुरम और शाहबेरी क्षेत्र में रहकर कॉल सेंटर के रूप में अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क संचालित कर रहे थे.
अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ नोएडा राजकुमार मिश्र का कहना है कि 23 जनवरी को जनपद गौतमबुद्धनगर के विभिन्न स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए थे. इस मामले में साइबर क्राइम थाना गौतमबुद्धनगर में बीएनएस एवं आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ नोएडा इकाई को जांच सौंपी गई थी.
जांच में सामने आया कि धमकी भरा मेल यूएसए से ओरिजिनेट हुआ था. हालांकि तकनीकी पड़ताल में यह भी पता चला कि उससे जुड़ा रिकवरी ई-मेल बांग्लादेश और भारत से लिंक था. आगे की जांच में रिकवरी मेल का कनेक्शन थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी इलाके से जुड़ा पाया गया. इसी के आधार पर शुक्रवार को एसटीएफ ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
एसटीएफ टीम ने शाहबेरी स्थित आरोपियों के संदिग्ध ठिकाने पर छापा मारा तो वहां बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद हुए. पूछताछ के लिए सभी संदिग्धों को एसटीएफ कार्यालय लाया गया. गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के लिए कॉल सेंटर संचालित कर रहे थे. यह गिरोह अमेरिकी नामों से मिलती-जुलती फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर ग्राहकों से संपर्क करता था.
मोबाइल और लैपटॉप में बड़ी संख्या में ऐसी ई-मेल आईडी लॉगिन मिलीं. आरोपी वीपीएन और फेक जीपीएस लोकेशन ऐप का इस्तेमाल कर अपनी वास्तविक लोकेशन छिपाते थे. यह लोग मुख्य रूप से अमेरिका, भारत और नेपाल के नागरिकों को ऑनलाइन बेटिंग में निवेश के लिए प्रेरित करते थे. लालच देकर उनसे मोटी रकम वसूल की जाती थी. आरोपियों द्वारा कई ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म को टेक सपोर्ट भी दिया जा रहा था.
साभार आज तक