इंदौर। शहर में 3 दिनी प्रवासी भारतीय सम्मेलन के समापन के बाद बुधवार सुबह 11 बजे से ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में 2 दिनी ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट शुरू हुई। इसमें 65 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में मप्र के मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समिट में वर्चुअली शामिल होंगे।
केंद्रीय राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल और मप्र के मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने दीप प्रज्ज्वलित किया। सीएम ने गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली और सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी का स्वागत किया। सीएम ने कहा- आप सभी का हृदय से स्वागत करता हूं। मप्र ने पलक पावड़े बिछाकर आपका स्वागत किया है। मांडने बने हैं, रोशनी से शहर सजा है। मैं प्रदेश की जनता की ओर से सभी का स्वागत करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल यूएसए से वर्चुअली जुड़े।
फ्यूचर रेडी मप्र थीम पर आयोजित हो रहे समिट में पर्यावरण-संरक्षण का पूरा ध्यान रखा गया है। यह पूरी तरह कार्बन न्यूट्रल और जीरो वेस्ट पर आधारित हो रही है। इनवेस्टर्स समिट में देश और विदेश के निवेशकों को राज्य में लाने के लिए मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल वातावरण की तमाम परिस्थितियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
समिट में ये ले रहे हिस्सा
कुमार मंगलम बिड़ला, चेयरमैन आदित्य बिड़ला ग्रुप, नोयल एम टाटा, चेयरमैन टाटा इंटरनेशनल, प्रणव अडानी, एमडी अडानी ऑइल एग्रो एंड गैस, संजीव पुरी, सीएमडी, आईटीसी, संजय किर्लोस्कर, सीएमडी, किर्लोस्कर ब्रदर्स, अजय पिरामल, पिरामल इंटरप्राइजेस, संजीव बजाज, सीएमडी, बजाज फिनसर्व, राघवपत सिंघानिया, एमडी, जेके सीमेंट, संजीव मेहता, सीएमडी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, नादिर गोदरेज, गोदरेज इंडस्ट्रीज, अभय फिरोदिया, चेयरमैन, फोर्स मोटर्स, पुनीत डालमिया, एमडी डालमिया भारत ग्रुप, एसएन सुब्रमनियम, सीएमडी, एलएंडटी, एम ए युसूफ अली, सीएमडी, लूलू ग्रुप, राकेश भारती मित्तल, वाइस चेयरमैन, भारती इंटरप्राइजेस, डॉ. नरेश त्रैहान, चेयरमैन मेदांता ग्रुप।
पहले दिन दोपहर 2 बजे से 5 समानांतर सत्र होंगे
एग्रीकल्चर, फूड एण्ड डेयरी प्रोसेसिंग, फार्मास्युटिकल एंड हेल्थ केयर, नेचुरल गैस एंड पेट्रो केमिकल्स सेक्टर, रिन्यूवल एनर्जी विषय पर होंगे।
दोपहर 3 बजे से टेक्सटाइल और गारमेंट विषय पर विशेष सत्र भी होगा।
शाम 4 से 5.30 बजे तक आईटी, पर्यटन, लॉजिस्टिक एंड वेयर-हाउसिंग, अर्बन एरिया में इन्फ्रास्ट्रक्चर डेव्हलपमेंट विषय पर सत्र होंगे।
शाम 4.30 से ऑटो मोबाइल एंड ऑटो कम्पोनेंट विषय पर विशेष सत्र होगा।
दूसरे दिन सुबह 11 बजे शुरू होंगे सत्र
सुबह 11 से मध्यप्रदेश से निर्यात की संभावनाएं, सामाजिक बुनियादी ढांचे के विकास के लिए वित्तीय सहायता, एक्सेस मध्यप्रदेश कम्पलीट बिजनेस सॉल्यूशन और इण्डिया तथा इजरायल, यूएसए और यूएई (12यू 2) समूह साझा निवेश पर चर्चा होगी। दोपहर 12.15 बजे से भारत की 5 ट्रिलियन की इकॉनोमी में मध्यप्रदेश का योगदान, एयरो स्पेस और डिफेंस, भारत में मैन्युफैक्चरिंग को गति देने में मध्यप्रदेश का योगदान और शिक्षा और कौशल विकास पर निवेशकों के बीच चर्चा होगी। दोपहर 2 से 3 बजे के बीच मध्यप्रदेश में स्टार्टअप के लिए अनुकूल वातावरण पर चर्चा होगी।
आकर्षण का केंद्र है प्रदर्शनी
समिट में एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें मध्यप्रदेश पवेलियन है, जो औद्योगिक बुनियादी ढांचे, मौजूदा और आगामी औद्योगिक पार्कों, प्रमुख निवेश परियोजनाओं को प्रदर्शित कर रहा है। इसमें राज्य के विभिन्न पहलुओं जैसे विरासत, संस्कृति, वन्य-जीवन आदि को भी कवर किया गया है। एक लाख वर्गफीट में फैले विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों को प्रदर्शित करने के लिए 100 से अधिक उद्योगों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। प्रतिभागियों को जानकारी देने के लिए एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) रोबोट भी होंगे।
प्रदेश की संस्कृति से भी करा रहे रूबरू
राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करने के लिए एक सांस्कृतिक क्षेत्र भी बनाया जाएगा, जिसमें स्थानीय एवं जनजातीय कला जैसे गोंड पेंटिंग, भील पेंटिंग, जरी-जरदोजी, जूट, बाग प्रिंट, बूटिक प्रिंट, गुडिय़ा, बांस कला, घंटी कारीगरों द्वारा धातु शिल्प और हथकरघा जैसे चंदेरी और महेश्वरी वस्त्रों आदि का प्रदर्शन किया जाएगा।
इंदौर
ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट - सीएम बोले- मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत बन रहा है

- 11 Jan 2023