Highlights

इंदौर

गणेश विसर्जन के लिए निगम ने बनाए 100 पर्यावरण हितैषी कुंड

  • 08 Sep 2022

इंदौर। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर निगम ने अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं और सौ से ज्यादा स्थानों पर पर्यावरण हितैषी कुंड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा जवाहर टेकरी पर भी विधि-विधान से प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
एक सप्ताह पहले महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम के कई एमआईसी मेंबरों के अलावा अफसरों के साथ वहां व्यवस्था देखने के लिए दल गया था। जवाहर टेकरी पर निगम ने गणेश प्रतिमाओं को विसर्जित करने के लिए नया हाइड्रोलिक प्लेटफार्म बनाया है, जो पोकलेन पर तैयार किया गया है। वर्कशाप विभाग में तैयार हुए इस नए संसाधन का डेमो भी जवाहर टेकरी पर किया गया था। निगम अधिकारियों के मुताबिक शहर में सौ से ज्यादा स्थानों पर पर्यावरण हितैषी कुंड बनाए जा रहे हैं। शहर के प्रमुख स्थानों और झोनलों के आसपास लोग मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं का वहीं विसर्जन कर सकेंगे। इसके अलावा जवाहर टेकरी पर पंडितों के निर्देशन में प्रतिमाओं का विसर्जन पूरे विधि-विधान से किया जाएगा, ताकि धार्मिक भावनाएं आहत न हो।
सवा सौ बिजलीकर्मी रातभर रहेंगे तैनात
अनंत चतुर्दशी पर झांकी मार्ग में तार डीपी और केबल को दुरुस्त करने के लिए बिजली कंपनी के कर्मचारी पिछले 4 दिनों से काम कर रहे हैं। बारिश के दौरान बिजली लाइनों के आसपास पेड़-पौधे बढ़ गए हैं, इनकी छंटाई का काम भी बिजलीकर्मियो ंने शुरू कर दिया है। खासकर मालवा मिल, जेलरोड, देवी अहिल्या मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग, जवाहर मार्ग, राजवाड़ा और मध्य शहर में बिजली के तार, खंभे और केबल को चुस्त दुरुस्त किया जा रहा है। कटआउट, कंडक्टर और ट्रांसफार्मर पर लोड चेक किया जा रहा है। ओपीएच के एई अजय साहू ने बताया कि झांकी मार्ग पर लगातार टीम काम कर रही है। तकरीबन सवा सौ बिजली कर्मचारी झांकी मार्ग पर तैनात रहेंगे। इनमें 12 से ज्यादा विभागीय इंजीनियर भी होंगे।