Highlights

इंदौर

गर्मी का कहर जारी, पारा 42 डिग्री के करीब

  • 11 May 2022

शहर की एक कालोनी में पानी के लिए हाहाकार
इंदौर। शहर में पिछले तीन दिनों से गर्मी का कहर जारी है। इसके चलते दिन के साथ रात में भी तेज गर्मी का असर जारी है। पिछले दो दिनों से शहर का तापमान 42 डिग्री से अधिक पहुंच रहा है और बुधवार को भी इसी के आसपास रहने की संभावना है। बुधवार सुबह नौ बजे तक तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह के समय आसमान में हल्के बादल भी छाए रहे। उधर, शहर की एक कालोनी में भीषण गर्मी के बीच पानी के लिए हाहाकार मच गया।
शहर में पिछले तीन दिनों से लोग दिन के अलावा रात में भी गर्मी से बेहाल किया। रात आठ बजे तक गर्म हवाओं की लपट चल रही है। वहीं दोपहर में तेज धूप के कारण सड़कों पर निकले लोगों को तपिश का अहसास हो रहा है। बुधवार सुबह उत्तर-पूर्वी हवाएं औसतन 12 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। मंगलवार को शहर में पारा 42 डिग्री के पार पहुंचा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 42.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 25.5 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र के मुताबिक वर्तमान में उत्तर पश्चिम राजस्थान से दक्षिणी पश्चिमी मध्य प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई। इसके कारण इंदौर सहित प्रदेशभर में बादल दिखाई दे रहे हैं। वहीं 13 मई को हिमालय क्षेत्र में एक पश्चिमी सक्रिय होगा। इसके असर से इंदौर सहित प्रदेशभर में 14 मई से तापमान में कमी दिखाई देगी और गर्मी का असर कम रहेगा। यह स्थिति 24 मई तक बरकरार रहेगी।
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान खरगोन में 45.8 डिग्री और रतलाम में 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं धार में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री, राजगढ़ में 44.5 डिग्री, शाजापुर में 43 डिग्री और दमोह में 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को प्रदेश में रतलाम, खंडवा व खरगोन में लू चली।
500 फ्लैट के लिए एक टैंकर पानी, मेंटेनेंस देने के बाद भी परेशानी
उधर, शहर के राऊ बायपास स्थित न्यूयॉर्क सिटी टॉउनशिप के रहवासी भीषण गर्मी में पानी की समस्या से परेशान हैं। स्थिति यह है कि उन्हें टैंकरों से पानी भरना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी का मेंटेनेंस पूरा देने के बाद भी पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि हम ऑफिस जाएं या भीषण गर्मी में पानी के लिए यूं जूझते रहे। दरअसल, टॉउनशिप में पानी की परेशानी अप्रैल अंत में ही आना शुरू हो गई थी। लेकिन अब मई के दूसरे हफ्ते में यह ज्यादा बढ़ गई है। रहवासियों का कहना है कि पानी की किल्लत के अलावा टॉउनशिप में पर्याप्त मात्रा में सिक्युरिटी गार्ड भी नहीं है और न ही किराएदारों का सत्यापन किया जाता है। बिल्डर को कई बार सूचना दी गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
हम ऐसे जूझते हुए भरते हैं पानी
रहवासी सुमित शर्मा, वीपी गुप्ता, सुधीर झा, एके दुआ, अंजू आर्य, संतोष मौर्य, रजनी सुरोशी व अन्य ने जनसुनवाई में एडीएम अभय बेडेकर को की गई लिखित शिकायत में बताया कि वृद्ध लोगों को भी टैंकर से पानी लेकर भरना पड़ रहा है। यह कितनी शर्म की बात है। रहवासी वीपी गुप्ता ने बताया कि टॉउनशिप में 600 फ्लैट हैं, जिसमें से 100 खाली हैं। बिल्डर द्वारा एक टैंकर नीचे खड़ा करवा दिया जाता है। हमें ऊपर फ्लैट से बाल्टियां लेकर नीचे आना पड़ता है और फिर ऊपर ले जाना पड़ता है। इंदौर में सबसे ज्यादा मेंटेनेंस चार्ज (सवा रुपए प्रति वर्ग फीट) इस टॉउनशिप में लिया जाता है। अगर नहीं देते तो पानी का कनेक्शन काट देते हैं और रुखा व्यवहार करते हैं। रहवासियों ने एडीएम को मोबाइल पर वीडियो बताया कि हम ऐसे जूझते हुए पानी भरते हैं।