इंदौर। मई का महीना 10 दिन गुजर गया और गर्मी अपना रंग अब दिखाने लगी है। सोमवार से ही दिन का पारा 42 डिग्री का आसपास आ गया है तथा सुबह से ही गर्म हवाओं के थपेड़े चेहरे पर पडऩे लगे हैं जिससे लोग काफी परेशान हैं। मई में शुरू हुई भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसका सीधा असर बाजारों और सड़कों को पर दिखना शुरू हो गया है। सोमवार को तो इस मौसम में पहली बार दिन का पारा उछलकर 42.8 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। इसका असर देर शाम तक भी रहा जब गर्म हवाएं लोगों को हलाकान कर रही थी। सोमवार रात की गर्मी भी लोगों को सताने वाली रही और रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा जो सामान्य से 4 डिग्री से अधिक है।
मंगलवार को दोपहर 12 बजे बाद ही गर्म लपटें शुरू हो गई थी। फिर जैसे-जैसे पारा चढ़ा लोग घरों, दफ्तरों, दुकानों पर ही रहे और आवाजाही कम हो गई। रात का पारा 28 डिग्री रहा जबकि यह स्थिति नौतपा में रहती है। वैसे भी मई के शुरूआती 10 दिनों में रात का न्यूनतम पारा 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहता है। आग उगलते सूरज का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लोग दिन में ट्रैफिक सिग्नल देखकर नहीं बल्कि कुछ पहले जहां छाया हो वहां रुक रहे हैं। ऐसी ही स्थिति बीआरटीएस सर्विस रोड की है। यहां आसपास छायादार पेड़ होने से दोपहिया वाहन चालक इसी पर से गुजर रहे हैं। गर्मी के कारण अब रात को जरूर ट्रैफिक का दबाव बढा है। मौसम का यह गर्म मिजाज अभी अगले हफ्ते भी रहेगा जिससे लोगों को बचना होगा। मौसम विभाग के मुताबिक अब मौसम पूरी तरह शुष्क है। प्रदेश के उत्तरी हिस्से में एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है।
इंदौर
गर्मी के चलते पडऩे लगे लू के थपेड़े, सर्विस रोड़ की छाया में चलने को मजबूर लोग
- 11 May 2022