Highlights

इंदौर

घर में घुसकर रुपए मांगे

  • 29 Jun 2022

इंदौर। बाणगंगा पुलिस ने एक युवक की शिकायत पर दो वसूलीबाजों पर केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार फरियादी मोहनसिंह रघुवंशी निवासी न्यू दुर्गा नगर ने शिकायत में बताया कि 25 जून को वह घर पर ही थे। इसी दौरान न्यू दुर्गा नगर नीलाकाश स्कूल के पीछे रात 11 बजे बेटे को दोस्त सचिन उर्फ चीना निवासी नंदबाग कॉलोनी मेन रोड और अजय त्रिपाठी निवासी दुर्गा नगर घर के बाहर गालियां दे रहे थे। जब उन्होंने गेट खोला तो पुरानी जान-पहचान होने से घर के अंदर बात करने के लिए घुसे और खर्चे-पानी के लिए दो हजार रुपए मांगे। इंकार करने पर आरोपी मारपीट कर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। मामले में पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया ।

पड़ोसियों में झगड़ा
इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में छत के पानी को लेकर पड़ोसियों में झगड़ा हो गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने बताया कि फरियादी विजय रघुवंशी निवासी कुंदन नगर की शिकायत पर आरोपी अमन गुडाना, कमल गुडाना और प्रदीप के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विजय ने बताया कि अमन गुडाना उनके पड़ोसी हैं। उनके घर की छत पर अमन की छत का आ रहा था। इसी पानी के रास्ते को बंद करने के लिए उन्होंने अमन से निवेदन किया था। इसी बात पर अमन नाराज हो गया। उसने विवाद शुरु कर दिया। विवाद में उसके पिता कमल और भाई भी आ गए। आरोपियों ने विजय के चेहरे पर ईंट से मारा, वही विजय की पत्नी बीच-बचाव करने आई तो उसे भी ईंट और पत्थर से हमला कर पेट में लात मार दी। आरोपियों ने दंपति को जमकर पीटा और धमका कर भाग निकले।

थाने में बंदूक जमा कराई तो लाइसेंस निरस्ती का पता चला
इंदौर। भंवरकुआ पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ आम्र्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। चुनाव के मद्देनजर उसने अपनी बंदूक थाने में जमा करवाई थी, बंदूक थाने में जमा हुई तो यह पता लगा कि उसका लाइसेंस तो साल भर पहले ही खत्म हो चुका था। भंवरकुआ थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार पोटलिया की शिकायत पर आरोपी नरेंद्र सिंह पिता रशमेल सिंह बोपाराय निवासी ब्रह्मपुरी कॉलोनी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। नरेंद्र सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक पिछले दिनों चुनाव के चलते थाने में जमा करवाई थी। थाने में जब उनके दस्तावेज जांचे गए तो पता लगा कि लाइसेंस तो 1 साल पहले ही खत्म हो चुका था। वह बिना लाइसेंस के ही अवैध तरीके से बंदूक अपने पास रखे हुए था।

घर में तोडफ़ोड़
इंदौर। राहुल यादव राजरानी नगर की शिकायत पर पुलिस शुभम दांगी और रोहित भाटी के खिलाफ केस दर्ज किया है। राहुल ने पुलिस को बताया कि आरोपी कल उनके पास में आए और शराब पीने के लिए 500 रुपए की मांग करने लगे। विरोध किया तो आरोपी उसके घर में घुसे और मारपीट कर दी। साथ ही घर के सामान भी तोड़ गए।

महिला को पीटा
इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को आरोपी ने पीट दिया। आरोपी शराब के लिए रुपयों की मांग कर रहा था। इनकार करने पर आरोपी ने हमला कर दिया। सोनी पति जितेन्द्र निवासी प्रजापत नगर की शिकायत पर राजा पिता हकीम निवासी सिरपुर के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक लड़का आया और उनसे बोला कि मैडम शराब पीने के लिए 500 रुपए दे दो। उसे अभी दुकान से शराब लेना है। उन्होंने उसे रुपए देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद किया और मारपीट कर भाग गया।