इंदौर। लंदन में निवासरत केरल के मूल निवासी और इंदौर के दामाद मैकेनिकल इंजीनियर अशोक अलीसेरिल थामारासन द्वारा घर में प्लेन बनाए जाने की खबर इन दिनों सुर्खियों में है। अब उन्होंने इंदौर के श्री गोविंदराम सेकसरिया प्रौद्योगिकी और विज्ञान संस्थान (एसजीएसआइटीएस) के साथ मिलकर कार्य करने की सहमति दी है। गुरुवार को वे संस्थान में पहुंचे और छात्रों से मिले। उन्होंने संस्थान के साथ कार्य करने में रुचि दिखाई है।
लंदन में रहने वाले 39 वर्षीय अशोक मैकेनिकल इंजीनियर हैं। उन्होंने घर में ही एक चार सीटर प्लेन बना दिया। प्लेन 25 लीटर पेट्रोल में 250 किमी तक की यात्रा करने में सक्षम है। इस कार्य में उन्होंने 18 माह मेहनत की और लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से प्लेन तैयार किया। इसके बाद वे इससे यूरोप भी घूम आए हैं। इन दिनों अशोक परिवार के साथ इंदौर में हैं। इसी दौरान वे प्रदेश के अग्रणी तकनीकी संस्थान एसजीएसआइटीएस में पहुंचे। उन्होंने छात्रों व शिक्षकों से मुलाकात की और शोध कार्यों के बारे में भी जाना। इसके बाद उन्होंने निर्णय लिया कि वे संस्थान के साथ मिलकर कार्य करेंगे और छात्रों को मार्गदर्शन देंगे।
इंदौर
घर मे प्लेन बनाने वाले इंजीनियर अब इंदौर के एसजीएसआइटीएस के विद्यार्थियों को देंगे मार्गदर्शन
- 05 Aug 2022