Highlights

देश / विदेश

घरेलू हिंसा की खौफनाक वारदात: फतेहपुर में पत्नी ने पति को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, हालत नाजुक

  • 07 Jul 2026

फतेहपुर. उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पति के साथ मारपीट और प्रताड़ना का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है.आरोप है कि पत्नी ने पति को रातभर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा और बिजली का करंट भी लगाया.पुलिस ने घायल पति को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए हिरासत में ले लिया है.
आपको बता दें मामला जिले के औंग थाना क्षेत्र के परसदेवपुर गांव का है.जहां सोमवार सुबह पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा है.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि घायल संजीव तिवारी खून से सना और चारपाई से बंधा था. उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया है.
अस्पताल में संजीव तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी ने रविवार रात उन्हें चारपाई में बांधकर बंधक बना लिया और उनके साथ जमकर मारपीट की.इतना ही नहीं, आरोप है कि पत्नी ने बिजली के तार से उन्हें करंट भी लगाया.घायल की हालत में सुधार होने के बाद उसके भाई ने आरोपी पत्नी के खिलाफ थाने में तहरीर दी.पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थाना औंग अंतर्गत गांव परसदेवपुर में आज सुबह एक घटना हुई थी जिसमें 112 को सूचना मिलती है कि एक युवक संजीव तिवारी, की पत्नी ने कल रात को उनको बांधकर, बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और है और पत्नी ने उनको बिजली के तार से करंट भी लगाया है.इस सूचना पर तुरंत वहां पर पुलिस पहुंचती है.सबसे पहले संजीव को इलाज के लिए अस्पताल लेकर जाती है और उसका बयान भी किए जाते हैं.उसके बाद जब अस्पताल में उनकी स्थिति बेहतर होती है, तब उनके भाई के द्वारा इसमें उनकी ही पत्नी के विरुद्ध एक प्रार्थना पत्र दिया जाता है जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया गया है.
साभार आज तक