Highlights

इंदौर

चाकूबाज पकड़ाया, वारदात करने घूम रहा था

  • 10 Aug 2022

जिलाबदर बदमाश भी शहर में घूमते मिला
इंदौर। क्राइम ब्रांच टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि राजेंद्र नगर क्षेत्र के डी-मार्ट के पीछे खाली मैदान में एक संदिग्ध धारदार चाकू के साथ वारदात करने की नीयत से घूम रहा है। टीम द्वारा राजेंद्र नगर पुलिस को साथ लेकर कार्यवाही करते हुए मुखबिर के बताए स्थान से संदिग्ध राजदीप तालीवाल पिता अनिल, बाबू घनश्याम दास नगर,को पकड़ा। उसके पास से एक खटकेदार चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना अन्नपूर्णा में लड़ाई, मारपीट एवं अवैध शराब तस्करी जैसे गंभीर अपराध पहले से दर्ज मिले हैं।
उधर, फरार स्थाई वारण्टियों व जिलाबदर आरोपी की तलाश के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि राजेंद्र नगर क्षेत्र का एक जिला बदर बदमाश संदिग्ध अवस्था मे रीजनल पार्क के सामने खड़ा है। टीम ने राजेंद्रनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए निमेष उर्फ नींबू मिश्रा पिता गोपीनाथ निवासी  लाल मल्टी, हुक्माखेड़ी, को पकड़ा। निमेष उर्फ नींबू मिश्रा पिता गोपीनाथ के विरुद्ध थाना राजेंद्र नगर में 5 अपराध जिसमे हत्या का प्रयास, अवैध वसूली, गाली गलौच, मारपीट , जान से मारने की धमकी,अवैध शराब तस्करी जैसे गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। तीन बार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी पहले से की जा चुकी है । आरोपी की अपराधिक प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए आरोपी के विरुद्ध जिला निष्कासन की कार्यवाही कर 30 जून से 6 माह की अवधि के लिये इन्दौर , उज्जैन, देवास ,धार एवं खरगोन जिलो की सीमा से बाहर चले जाने का निष्कासन आदेश पारित किया गया था किन्तु बदमाश इसके बाद भी इलाके में घूम रहा था।