इंदौर। नवदुर्गोत्सव में शहर के पश्चिम क्षेत्र से 12 सालों से निकाली जानी वाली चुनरी यात्रा दो साल बाद आज निकाली गई। ढाई किमी की यह यात्रा बड़ा गणपति से निकली और बिजासन मंदिर पहुंची जहां माताजी को चुनरी चढ़ाई गई। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, मप्र प्रभारी मुरलीधर राव, सुदर्शन गुप्ता, मंत्री तुलसी सिलावट विधायक रमेश मेंदोला पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा, जीतू जिराती, राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त सावन सोनकर, स्वामी उत्तम महाराज सहित कई साधु संत महामंडलेश्वर उपस्थित थे। चुनरी यात्रा में मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय वह पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन, विधायक मालिनी गौड़ शामिल नहीं हो सके।
चुनरी यात्रा के आयोजक पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने बताया कि कोरोना काल के कारण 2 सालों से चुनरी यात्रा नहीं निकाली गई थी। इस बार चुनरी यात्रा का यह 13वां वर्ष है। उक्त चुनरी यात्रा हर बार एक संकल्प के साथ निकाली जाती है। इस बार भी यह चुनरी यात्रा पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ निकाली गई। चुनरी यात्रा बड़ा गणपति से पूजन, संतों के स्वागत के बाद पैदल यात्रा के रूप में मां बिजासन मंदिर गई और वहां उन्हें चुनरी अर्पित की गई। 2 किमी लंबी चुनरी सूरत में विशेष रूप से बनवाई गई है। इसमें 2 लाख सितारे, गोटे व मोती लगे हुए हैं। यात्रा के सुचारु संचालन व ट्रैफिक व्यवस्थित रखने के लिए 3 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता व्यवस्था में जुटे थे।
बीते सालों में इन संकल्पों के साथ निकाली थी यात्रा
बीते सालों में चुनरी यात्रा कश्मीर बचाओ देश बचाओ, धारा 370 हटाओ, प्लास्टिक मुक्त अभियान, सामाजिक समरसता, भ्रष्टाचार मिटाओ देश बचाओ, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अभियान के साथ निकाली गई थी। अभी पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है, इस कारण इस बार पर्यावरण संरक्षण व संकल्प के साथ यात्रा निकाली गई। इसमें पंचकुइया राम मंदिर के संत श्री लक्ष्मणदास महाराज, श्री 1008 ब्रजोत्सव महाराज, अखण्ड धाम आश्रम के महामंडलेश्वर चेतन स्वरूप महाराज, संत श्री दादू महाराज, गोपालदास महाराज, चिन्मयानंद महाराज आदि शामिल थे।
इंदौर
चुनरी यात्रा में दिखा उत्साह, हजारों श्रद्धालु जुटे
- 03 Oct 2022