Highlights

इंदौर

जंगल को हरा-भरा करने का लक्ष्य तीन गुना,दस लाख पौधे तैयार

  • 14 May 2022

इंदौर। बारिश के दिनों में पौधारोपण करने के लिए वन विभाग ने रूपरेखा बना ली है। जंगल की हरियाली लौटाने के लिए प्रत्येक वनमंडल में अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। इंदौर वनमंडल के वनक्षेत्रों में दस लाख पौधे रोपे जाने हैं। इसके लिए नर्सरियों में 50 प्रजातियों के करीब 10 लाख पौधे तैयार किए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक कोरोना की वजह से 2020 और 2021 में महज दो से तीन लाख पौधे लगाए थे। इस बार लक्ष्य तीन गुना कर दिया है।
जून में पहली बारिश के बाद विभाग को जंगलों में पौधे रोपने हैं। प्रत्येक वनमंडल ने अप्रैल में ही पौधारोपण से जुड़े कार्य पूरे कर दिए हैं, जिसमें गड्ढे खोदाई, मिट्टी, खाद की व्यवस्था, मिट्टी परीक्षण, पौधारोपण स्थल पर फैंसिंग सहित अन्य कार्य शामिल हैं। डीएफओ नरेंद्र पंडवा ने एसडीओ और रेंजर को पौधे लगाने वाले स्थानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को पौधारोपण से जुड़े कार्यों को लेकर रिपोर्ट देना है। इंदौर, चोरल, महू और मानपुर रेंज का निरीक्षण 10 जून तक पूरा करना है।
चार नर्सरियों में तैयार हुए पौधे
पौधारोपण के लिए नवरतनबाग, रेसीडेंसी, शोध व अनुसंधान केंद्र, मल्हाराश्रम नर्सरी में पौधे तैयार किए जा रहे हैं। इनमें आम, जाम, बबूल, बरगद, करंज, अंजन, सागवान, पारसपीपल, जामुन, पीपल, नीम सहित 50 प्रजातियां शामिल हैं। ये पौधे इंदौर, महू, मानपुर और चोरल के 35 स्थानों पर रोपे जाएंगे। मुख्यालय से पौधों के लिए 40 लाख का बजट भी फरवरी में आ चुका है।
जंगल में सीड बॉल से होगी हरियाली
पौधे तैयार करने के अलावा जंगल में सीड बॉल से भी हरियाली बढ़ाई जाएगी। महू, चोरल और मानपुर रेंज ने तीन से चार लाख सीड बॉल बनाई है। इन्हें जंगलों में डालने का काम डिप्टी रेंजर को सौंपा गया है। बीते दिनों डीएफओ पंडवा ने सभी रेंज के अधिकारियों की बैठक बुलाई थी।
महीनेभर में लगाएंगे पौधे
डीएफओ नरेंद्र पंडवा ने बताया कि इंदौर वनमंडल को दस लाख पौधे लगाना हैं। यह काम महीनेभर में किया जाएगा। 15 जुलाई तक पौधे लगाने का लक्ष्य प्रत्येक रेंज को दिया है।