Highlights

इंदौर

जिलाबदर बदमाश पकड़ाया

  • 03 Sep 2022

इंदौर। अपराध शाखा पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों की धरपकड़ की जा रही है। धनेन्दसिंह भदौरिया ने बताया कि तुकोगंज थाना क्षेत्र से जिला बदर हुआ धर्मेंद्र पिता राजेंद्र यादव 26 निवासी गोमा की फेल को पकड़ा। आरोपी पर तुकोगंज थाने में कई मामले दर्ज हैं।

शराब के लिए मारपीट
इंदौर। एक युवक को बदमाश ने पीट दिया। आरोपी ने युवक से शराब के लिए रुपए मांगे थे। इनकार करने पर उसे पत्थर मारकर घायल कर दिया। कार्तिक पिता संजय गायकवाड़ निवासी रुस्तम का बगीचा की शिकायत पर पुलिस ने इंगा नामक बदमाश के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी घर के पास ही मिल गया था। अपने आपको दादा बताते हुए गाली-गलौज करने लगा। उसने शराब पीने के लिए रुपए मांगे। उसने रुपए देने से मना किया तो मारपीट कर दी। इसके साथ ही पत्थर मारकर घायल कर दिया।

बुजुर्ग की मौत
इंदौर। घर में ऊपर से गिरे एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मामला विजय नगर थाना क्षेत्र के प्रकाश चंद्र सेठी नगर का है। मृतक का नाम शिव लाल पिता हरजू है। बेटा सोनू पेंटर का काम करता है। उसने बताया कि पिता घर में ही गिर गए थे। वह कोई काम भी नहीं करते थे। विजय नगर पुलिस ने संदिग्ध मौत मानकर शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

शातिर चोर पकड़ाया
इंदौर। क्राइम ब्रांच की टीम ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने एक मकान में वारदात कबूली है। एरोड्रम पुलिस को अवंतिका नगर निवासी नारायण पिता मोहनलाल खत्री ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रात में उनके घर से कई जेवरात और मोबाइल चोरी हो गए। जिसके बाद क्राइम ब्रांच पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी चोर को पकड़ा। आरोपी अभिषेक उर्फ पवन पिता रामप्रसाद यादव (22) निवासी पेनजान कॉलोनी के पास से जेवरात और मोबाइल भी जब्त किए गए। बताया जा रहा है आरोपी अभिषेक पर पूर्व में भी अपराध दर्ज हैं।