इंदौर। इंदौर जिले में कल दो स्थानो ंपर हत्या की घटनाएं सामने आई। एक में ताश खेलने से मना करने की बात को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने एक युवक के घर में घुसकर हमला कर दिया। इस दौरान उसका बड़ा भाई बचाने आया तो उस पर भी हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वहीं दूसरी घटना में भी बदमाश ने एक युवक पर चाकू से वार कर दिए और भाग निकला। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पहली घटना में द्वारकापुरी पुलिस ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में बल्लू , मनीष, कुनाल और संदीप उर्फ संजू के खिलाफ हत्या करने और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। आरोपियों ने मनोज पिता पप्पू ठाकुर निवासी बुद्धनगर की हत्या कर दी। वहीं उसके भाई बंटी ठाकुर को घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार कल रात को बल्लू ने बंटी का दरवाजा जोर से ठोका। आवाज देकर बोला कि बंटी दरवाजा खोल हमें बात करनी है। इस पर बंटी ने दरवाजा खोला तो बल्लू और उसके साथी जबर्दस्ती घर में घुस आए। चाकू से ताबड़तोड़ बंटी पर वार कर दिए।
उसने शोर मचाया तो बडा भाई मनोज दौडकर आया तो उस पर भी चाकू से वारकर दिया। मनोज के सीने पर और कई जगह चोट लगी। इसी के चलते मनोज की घर के बाहर सड़क पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी भाग निकले। बताया जाता है कि मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है।
एसीपी बीपीएस परिहार ने बताया कि बंटी के घर के पास आरोपी बैठकर ताश खेलते हैं। इसी को लेकर बंटी को आपत्ति थी। उसने इसका विरोध किया था। आरोपी जब नहीं माने तो उसने धमकी दी कि वह पुलिस को खबर कर देगा कि आरोपी यहां पर ताश खेल रहे हैं। इसी के चलते आरोपी उससे नाराज चल रहे थे। कल रात को यही बात करने के लिए बंटी के घर पर गए। वहां पर उसका विवाद हुआ और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। जब पास ही में रहने वाला भाई मनोज बचाने के लिए आया तो आरोपियों ने उसे भी चाकू मार दिया।
उधर, खड़ैल थाना क्षेत्र में में युवक की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि शांतिलाल पति उदयराम परमार निवासी ग्राम मालीखेड़ी की शिकायत पर ईश्वर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी ने जयराम की हत्या कर दी। फरियादी ने पुलिस को बताया कि दामाद जयराम और ईश्वर दोनों आपस में विवाद कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ईश्वर ने अपनी जेब से चाकू निकाला और जयराम पर दो से तीन वारकर कर दिए। जिससे घायल होकर जयराम वहीं पर गिर गया था। उसे बचाने के लिए दौड़े तो आरोपी पहाडी की ओर भाग गया। जयराम को घायल हालत में अस्पताल लेकर गए, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इंदौर
जिले में दो हत्याएं- एक में भाई को बचाने आए युवक को मार डाला, दूसरी घटना में विवाद के चलते मारे चाकू, अस्पताल में मौत
- 20 Sep 2022