Highlights

इंदौर

जेल से छूटकर आए कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया को कलेक्टर ने दिलाई पद की शपथ

  • 30 Aug 2022

इंदौर। इंदौर नगर निगम चुनाव के दौरान राजनीतिक विवाद में एक महीने से अधिक समय तक जेल में रहे वार्ड-22 के कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया को सोमवार को कलेक्टर मनीष सिंह ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान निगम में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे और कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल सहित अन्य सहयोगी भी मौजूद थे। इससे पहले सभी पार्षदों को शपथ दिलाई जा चुकी है।
शपथ ग्रहण के बाद स्वस्थ माहौल में चर्चा के दौरान कलेक्टर ने दोनों कांग्रेसी पार्षदों को सलाह दी कि पार्षदों को जनता ने चुनकर भेजा है। आपको जनता की सेवा करनी चाहिए और संयम से काम लेना चाहिए। पार्षद चौकसे ने कलेक्टर की सलाह को मानते हुए कहा कि शहर की नब्ज आपके हाथ में है। आप तो सब जानते हैं, हम गुंडे-बदमाश नहीं हैं। विकास में पहले भी आपका सहयोग मिलता रहा है और आगे भी आपका सहयोग चाहिए। चौकसे ने विपक्षी पार्षदों के बारे में महापौर पुष्यमित्र भार्गव के रुख की भी सराहना की। कहा कि महापौर का यह कहना कि नगर निगम में न पक्ष, न विपक्ष रहेगा, बल्कि सहयोगी पक्ष रहेगा, यह उनकी सकारात्मक सोच को दर्शाता है।कलेक्टर ने भी कहा कि आप लोगों में शहर कांग्रेस अध्यक्ष बाकलीवाल हर मामले में सोच-समझकर, संयम से काम लेते हैं। इस पर बाकलीवाल ने भी यह कहा कि अभी नए पार्षद हैं, धीरे-धीरे सब समझ जाएंगे।
चंदू शिंदे और भदौरिया में हुआ था विवाद
उल्लेखनीय है कि निगम चुनाव में भाजपा के पूर्व पार्षद चंदू शिंदे और कांग्रेस के भदौरिया के बीच मुकाबला था। मतदान के दिन शिंदे और भदौरिया के बीच विवाद हो गया था। उस समय कुछ महिलाओं ने शिंदे को घेर लिया था और उन्हें कार में बैठकर वापस जाने पर मजबूर होना पड़ा था। इस मामले ने इतना तूल पकड़ा कि भदौरिया के खिलाफ एफआइआर दर्ज हो गई थी और उन्हें जेल जाना पड़ा था। जेल में रहकर भी भदौरिया चुनाव जीत गए और शिंदे को हार का सामना करना पड़ा।