इंदौर। इंदौर नगर निगम के द्वारा संचालित जल प्रदाय की व्यवस्था पूरी तरह से लडख़ड़ाई हुई है। जिंसी में वॉल्व बदलने का काम पूरा हुआ तो जलूद में आ समस्या गई। जिसके चलते हुए बुधवार को फिर शहर में जल प्रदाय करने वाली 7 टंकी रही खाली, इसके परिणाम स्वरूप लोगों के घरों में नलों से पानी नहीं आया।
निगम के अधिकारियों ने बताया कि 13 सितम्बर को नर्मदा पेयजल योजना के प्रथम एवम द्वितीय चरण के 67.50 एमएलडी के पंप पीएच 2 पर मोटर के बेअरिंग में खराबी आ गई, जिसके कारण प्रात: 7:05 पर पंप बन्द किये गए। इसके अलावा शेष 90 एम एल डी के पंप सायं 5:35 पर पी एच 2 पर ही लाइन ट्रिप होने के कारण बन्द हो गए थे। सुधार कार्य करने के उपरांत पुन: सायं 6:40 पर 90 एम एल डी के पंप चालू किये गए पी एच 2 पर रबर पैकिंग फटने से शेष पंप चालू नहीं किये गए। इस मामले मे सुधार कार्य किया जा रहा है। यह कार्य पूर्ण होने में अनुमानित 10 घंटे का समय लगना संभावित है।
नर्मदा पेयजल योजना के प्रथम एवम द्वितीय चरण के पंप बन्द होने के कारण आज अन्नपूर्णा, राज मोहल्ला, छत्रीबाग , सदर बाजार, सुभाष चौक, मल्हार आश्रम व गांधी हाल की पानी की टंकी खाली रही। इन टंकी से जिन स्थानों पर जल प्रदाय किया जाता है, उन क्षेत्रों में आज भी नलों से पानी नहीं आया।
जो टंकी खाली रही है, यह सभी टंकियां हैं जो कि जिंसी में वाल्व बदलने के समय से खाली पड़ी हुई है। पहले जिंसी की समस्या के चलते हुए 3 दिन तक इन टंकी से जल प्रदाय नहीं किया जा सका था। उसके बाद मंगलवार को भी यह खाली रही थी और आज पांचवा दिन है जब इन नागरिकों को पानी की समस्या से दो-दो हाथ करना पड़ रहा है।
इंदौर
जिंसी में वाल्व सुधरा तो जलूद में आ गई समस्या, सुधार कार्य जारी, जल प्रदाय करने वाली 7 टंकी रही खाली
- 15 Sep 2022