Highlights

इंदौर

जल्लाद पति- पत्नी को बंधक बनाया, पेचकस डंडे से किया जानलेवा हमला

  • 19 Oct 2022

इंदौर। पति की जल्लाद वाली हरकतों से परेशान पत्नी पुलिस के पास पहुंची और पति के वहशीपन की कहानी सुनाते हुए बताया कि पति ने पत्नी पर चरित्र शंका करते हुए उसे बंधक बनाकर रखा। और पिंचिस, डंडे, बेल्ट से बुरी तरह मारपीट की, जिससे महिला घायल हो गई। मामले में पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। इस घटना के कुछ दिन पहले ही मल्हारगंज में भी पति ने पत्नी का गला घोट दिया था।
जूनी इंदौर पुलिस के अनुसार निरूपमा प्रोफेसर कालोनी में रहने वाली यामिनी (25) की शिकायत पर उसके पति विशाल घारू पिता दामोदर निवासी वीर सांवरकर नगर के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दर्ज कराई रिपोर्ट में यामिनी ने बताया कि आरोपी पति चरित्र शंका करता है और इसके चलते आए विवाद करता करते हुए मारपीट कर प्रताडि़त करता है। दो दिन पूर्व तो उसने सारी हदें पार कर दी। यामिनी को घर मे बंधक बनाकर कर रखकर प्रताडि़त किया व जान से मारने की नियत से पेजकस, कपडे की प्रेस, डंडा, बेल्ट से मारपीट की, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। किसी तरह वह अपने मायके में परिजनों के पास पहुंची और उसके बाद थाने आकर केस दर्ज कराया। बताया जाता है कि यामिनी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी है। उसके माता - पिता के यहां पर विशाल केयर टेकर था। यहीं उसकी यामिनी से मुलाकात हुई थी। इसके बाद उसने यामिनी को अपने झांसे में ले लिया। करीब एक साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। मामले में पुलिस केस दर्ज कर आरोपी पति की तलाश कर रही है।
दूसरी के साथ मिलकर पत्नी को पीटा
इसी प्रकार छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। पत्नी ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार फरियादी अंजू निवासी द्वारकापुरी की शिकायत पर उसके पति सोनू और सोनू की प्रेमिका युवती के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। सोनू अपनी प्रेमिका के साथ समाजवाद नगर में घूम रहा था। उसकी पत्नी अंजू को पता लगा तो वह वहां पहुंच गई। उसने विरोध किया तो पति सोनू और उसकी प्रेमिका ने मिलकर अंजू को सड़क पर ही पीट दिया। अंजू के ससुर बीचबचाव करने आए तो उनके साथ भी मारपीट हुई है।
पत्नी का गला घोटने वाले की तलाश जारी
उधर, मल्हारगंज इलाके में पत्नी का गला घोटने वाले सराफा कारोबारी का अब तक सुराग नहीं लगा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। इसके चलते उसके घर और दुकान सहित अन्य स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस के अनुसार मल्हारगंज थाना क्षेत्र में सर्राफा कारोबारी विशाल जोशी हाथ नहीं लगा है। विशाल जोशी की जोशी ज्वेलर्स नाम से सर्राफा बाजार में दुकान है। उसकी पत्नी नेहा जोशी ने उसके खिलाफ गला घोट कर मारने के मामले में शिकायत दर्ज करवाई है। कल मल्हारगंज पुलिस ने जोशी ज्वेलर्स सहित विशाल के घर पर भी दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला।