Highlights

इंदौर

जलते गणवेश मामले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का तंज

  • 14 Sep 2022

भाजपा खुद को नेकर से क्यों जोड़ लेती है
इंदौर। कांग्रेस द्वारा जलते गणवेश (राष्ट्रीय स्वयं सेवकों की औपचारिक हाफपैंट) का फोटो ट्वीट किए जाने के बाद सियासी रार बढ़ गई है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तंज कसते हुए कहा है कि वे स्वयं को नेकर से क्यों जोड़ लेते हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से परेशान होकर यह ध्यान भटकाने की कोशिश है।
कमल नाथ मंगलवार सुबह विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। जलते गणवेश से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा- भारतीय जनता पार्टी खुद को नेकर से क्यों जोड़ रही है। क्या आप नेकर पहन लेंगे तो भाजपा के कार्यकर्ता हो जाएंगे। क्या भाजपा के सभी कार्यकर्ता नेकर पहनते हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिल रही सफलता से भाजपा परेशान है और जनता का ध्यान मोडऩा चाहती है। राहुल गांधी के जूते और कपड़ों की बातें करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महंगे सूट की चर्चा नहीं करते। विश्व ने देखा है कि वे ऐसे नेता हैं जो दिन में तीन बार कपड़े बदलते हैं।
कमल नाथ ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- उमेश शर्मा पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता थे। जब उनके निधन की सूचना आई तो मुख्यमंत्री का कार्यक्रम चल रहा था। उन्हें अपना कार्यक्रम स्थगित कर देना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं हुआ। यह दुख की बात है। इससे साबित होता है कि भाजपा की अंत में सोच क्या है। हम सभी अलग-अलग विचारधारा के हो सकते हैं, लेकिन आखिर में हम समाज का हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा- आज पूरा प्रदेश घोटालों में डूबा है। आज प्रदेश में जो कर्जा लिया जा रहा है वह किसानों और बेरोजगारों के लिए नहीं है। यह इसलिए लिया जा रहा है ताकि ठेके दिए जा सकें और उससे कमीशन मिल सके। योजनाओं की चिंता नहीं है कि वह कितने सालों में पूरी होंगी। मप्र अब भ्रष्टाचार की राजधानी बन गया है। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, विधायक विशाल पटेल, प्रदेश सचिव राजेश चौकसे, गोलू अग्निहोत्री, गिरधर नागर आदि मौजूद थे।
विधायक शुक्ला के घर पहुंचे
कमल नाथ क्षेत्र क्रमांक एक से विधायक संजय शुक्ला के घर उनके पिता स्व. विष्णुप्रसाद शुक्ला (बड़े भैया) के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे। इस दौरान राघौगढ़ से विधायक जयवर्धन सिंह भी साथ थे। बाद में वे नलखेड़ा के लिए रवाना हुए।