खजूरी बाजार में खतरनाक मकान ध्वस्त
इंदौर। अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाले झाकियों के कारवां के पहले ही निगम के द्वारा इस मार्ग को दुरुस्त करने की दिशा में काम किया जा रहा है। निगम ने इसके लिए पिछले दिनों से काम शुरु किया था जिसमें सड़कों के गडढे भरने, पेड़ों की कटाई-छंटाई, बिजली के तार, खंभों के सुधार आदि का काम किया ताकि झाकियों के दौरान कोई समस्या न रहे। इसी सप्ताह निगम ने दो खतरनाक मकान झांकी मार्ग पर तोड़े थे वहीं सोमवार को भी खजूरी बाजार में खतरनाक मकान को तोडने की कार्रवाई निगम अमले ने की।
चार दिन बाद शहर की परंपरानुसार अनंतचतुर्दशी का जुलूस दो साल बाद निकाला जाएगा, जिसमें दो दर्जन से अधिक झाकियां आकर्षण का केंद्र बनेगी। निगम के द्वारा झांकी मार्ग पर खतरनाक मकानों को तोडऩे की कार्रवाई की जा रही है ताकि जुलूस के दौरान किसी के साथ अप्रिय घटना न हो। मकान मालिकों को पहले से ही निगम ने नोटिस जारी कर दिए थे लेकिन इसके बावजूद खतरनाक हिस्सों को नहीं हटाने के चलते ये कार्रवाई की जा रही है।
पोकलेन लेकर पहुंचा निगम अमला
निगम अधिकारियों के अनुसार शकर बाजार में सोमवार को दो मकान खतरनाक स्थिति में होने के चलते तोड़े गए हैं। इस दौरान सुबह करीब 9 बजे ही निगम का रिमूवल अमला जेसीबी, पोकलेन समेत अन्य संसाधनों के साथ निकला और कार्रवाई की गई। जुलूस के चलते रात में ही मलबा उठवाने का काम निगम के द्वारा कराया जा रहा है।
इंदौर
झांकी मार्ग पर निगम ने चलाया रिमूवल अभियान
- 06 Sep 2022