Highlights

इंदौर

ट्रैफिक डीसीपी की सख्ती- यातायात पुलिसकर्मी रिश्वत मांगे तो करें शिकायत

  • 21 Jun 2022

इंदौर। कमिश्नरी प्रणाली लागू होने के बाद शहर में सबसे अधिक ध्यान व्यवस्थित यातायात पर दिया जा रहा है। यही कारण है कि नियम तोडऩे वाले वाहन चालकों पर यातायात पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। अब  ट्रैफिक विभाग में रिश्वतखोरी पर अंकुश लगाने के लिए डीसीपी ट्रैफिक ने सख्ती दिखाई है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी रिश्वत मांगे या चालान बनाकर रसीद नहीं दे या कम की रसीद दे तो तुरंत उनके वाट्सएप नंबर पर प्रमाण के साथ शिकायत करें। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी यातायात प्रबंधन महेशचंद जैन ने 150 एएसआइ से रसीद कट्टे जमा करवा लिए और उन्हें सिर्फ नियमों के पालन कराने की जिम्मेदारी दी। साथ ही चालानी कार्रवाई को कम किया गया। इसका असर भी दिखा, वहीं राजस्व वसूली के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से पूर्व में लंबित ई-चालान की राशि जमा करवाई गई। अब डीसीपी ने फरमान जारी कर दिया है कि यदि कोई ट्रैफिक पुलिसकर्मी रिश्वत मांगता है या चालान बनाकर रसीद नहीं देता है या कम जुर्माने की रसीद देता है तो उनके वाट्सएप नंबर पर नागरिक मय प्रमाण के साथ शिकायत करें। प्राप्त शिकायतों की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहरवासी इस नंबर पर अपने सुझाव भी दे सकते हैं। नंबरों को स्टापर पर भी लिखवाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों से पीओएस मशीन के माध्यम से आनलाइन भी चालानी वसूली की जा रही है। 60 मशीन ट्रैफिक अमले में वितरित की गई है।
वाट्सएप नंबर 7587632005 के माध्यम से पुलिसकर्मियों की शिकायत नागरिक कर सकते हैं। उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी। शिकायतों को सीधे डीसीपी देखेंगे और जांच कर कार्रवाई करेंगे। वहीं पुलिस वाट्सएप नंबर के साथ ही प्रमुख स्थानों पर शिकायत पेटी लगवाने की योजना भी है। इनमें कोई भी नागरिक ट्रैफिक से जुड़ी शिकायत लिखित में कर सकता है।
डीसीपी ट्रैफिक महेशचंद जैन के अनुसार रिश्वतखोरी पर पूरी तरह से अंकुश लगे यह प्रयास है। यदि कोई भी पुलिसकर्मी लोगों से रिश्वत मांगता है या चालानी कार्रवाई में कम की रसीद देता या रसीद नहीं देता है तो मुझे वाट्सएप नंबर पर शिकायत करें। संबंधित के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। शिकायत करने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।