वन विभाग ने सर्चिंग के साथ बढ़ाई गश्त
इंदौर। शहर के सीमावर्ती क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुआ दिखने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। दरअसल यहां शुक्रवार को फिर एक ग्रामीण द्वारा तेंदुए को देखा गया है जिसके चलते क्षेत्र के लोग डरे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें ताकि उसे पकड़ा जा सके।
खुडैल में पिछले दिनों भी तेंदुआ देखा गया था लेकिन दो-तीन दिन तक दिखाई नहीं दिया। इस बीच सोमवार को तेंदुए ने खेत में काम करने वाले ग्रामीणों पर हमला कर दिया जिसमें फरीद व शाकिर नामक व्यक्ति घायल हो गए थे। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग की लेकिन पता नहीं चला। चूंकि खुडैल से लगा बड़ा वन्य क्षेत्र है। इसके चलते वन विभाग की टीम ने इंदौर रेंज और रालामंडल में गहन सर्चिंग की। तेंदुए को पकडऩे के लिए पिंजरा भी लगाया लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। हालांकि टीम को जंगल में उसके पद चिन्ह मिले लेकिन माना गया वह आगे निकल गया है। इसके बाद सर्चिंग बंद कर दी गई।
चूंकि अब हाल ही में फिर तेंतुआ देखा गया है जिसके चलते ग्रामीण घबराए हुए हैं। पूर्व में फरीद व शाकिर नामक जिन व्यक्तियों पर तेंदुए ने हमला किया था, उनकी हालत ठीक है। दूसरा यह कि अभी तेंदुए द्वारा किसी मवेशी का शिकार किए जाने की सूचना नहीं है लेकिन ऐसी घटनाएं अकसर रात को होती हैं। इसके चलते ग्रामीणों को एहतियात बरतने को कहा गया है। इसके साथ ही वन विभाग की सर्चिंग जरी है व गश्त भी बढ़ाई गई है। रेंजर जयवीरसिंह ने बताया कि तेंदुए को लेकर सर्चिंग की गई लेकिन नहीं मिला। वन विभाग लगातार सक्रियता बरत रहा है।
इंदौर
तेंदुआ की ग्रामीणों में दहशत
- 05 Dec 2022