Highlights

इंदौर

तेंदुए की दहशत, हलचल बढ़ी, तीन तेंदुओं के पगमार्क मिले

  • 15 Jun 2022

इंदौर। चोरल के जंगलों में तेंदुए की हलचल अचानक बढऩे लगी है। दुधी बावड़ी-गाजिंदा वनक्षेत्र के बाद अब आइआइटी इंदौर में तेंदुए की मौजदूगी के प्रमाण मिले हैं। अलग-अलग तीन तेंदुए के पगमार्क नजर आए हैं। तेंदुए की वजह से परिसर में शिक्षक से लेकर विद्यार्थी तक डरे हुए हैं। वन विभाग ने भी निगरानी बढ़ रखी है। सुबह-शाम वनकर्मियों से गश्त करवाई जा रही है। वहीं आइआइटी परिसर में पिंजरों की संख्या बढ़ा दी गई है। उधर वन अफसरों के मुताबिक दस दिन पहले ही एक तेंदुए का परिसर से रेस्क्यू किया है।
पिछले बुधवार देर रात को तीन वर्षीय तेंदुए ने दुधी बावड़ी में झोपड़ी के बाहर सो रही छह साल की बच्ची पर हमला कर दिया था। घटना में बच्ची की मौत हो गई थी। इसके तीन दिन बाद आठ महीने का तेंदुए का बच्चा गाजिंदा में पोल्ट्री फार्म में घुस गया था। यहां एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद वनकर्मियों ने जंगल और वनग्राम का निरीक्षण किया। पूछताछ करने पर ग्रामीणों ने जंगल में तेंदुए का परिवार घूमने की बात कही। कुछ स्थानों पर पैरों के निशान भी देखे। सूत्रों के मुताबिक तेंदुए की गतिविधियों के बारे में पता चलने पर आइआइटी इंदौर से भी कुछ लोगों ने वनकर्मियों को इसके बारे में बताया है। वनकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जहां दो वयस्क और एक शावक के पंजों के निशान मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक आए दिन परिसर में तेंदुए की मौजूदगी मिली है। विभाग ने हमेशा के लिए एक पिंजरा लगा रखा है। वन अफसरों के मुताबिक बीते पांच साल में चार बार आइआइटी से तेंदुए को पकड़ा है।