Highlights

इंदौर

तीन से चार दिन में विदा होगा मानसून, कल और आज सुबह नहीं दिखी बारिश की कोई गतिविधि

  • 14 Oct 2022

इंदौर। गुरुवार सुबह बादल छंटे और धूप निकली। सुबह के समय हवाओं के कारण हल्की ठंडक का अहसास हुआ। वहीं दिन में मौसम शुष्क रहने धूप निकलने के कारण गर्मी भी महसूस की। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो से तीन दिन तक शहर में रात 10 बजे से सुबह तक हल्की ठंड का असर कायम रहेगा। सुबह का तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहने की संभावना है। सुबह 14 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चली। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 147 रहा।
गौरतलब है कि बुधवार को शहर में बादल छाए और दिन में अच्छी धूप खिली। अब अगले दो से तीन दिन मौसम शुष्क रहेगा और वर्षा नहीं होगी। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इंदौर में अगले तीन से चार दिन में मानसून के विदा होने की संभावना जताई जा रही हे। वर्तमान में द्रोणिका लाइन कमजोर होकर तेलंगाना व महाराष्ट्र के हिस्सों तक सीमित है। वहीं चक्रवाती हवाओं का घेरा केरल के आसपास पहुंच गया है। ऐसे में अब आने वाले दिनों में हवाओं का रुख उत्तर पश्चिमी होने पर शहर में हल्के बादल छाए रहेगे।
वातावरण में जैसे-जैसे नमी की कमी होगी, बादल भी छंटने लगेगे। अब दिन में हल्की गर्मी का अहससा होगा तो वही मध्य रात्रि से सुबह तक हल्की ठंड का अहसास भी होगा।