इंदौर। मुस्लिम समाज ईदुल-फितर हर्षोल्लास से मना रहा है। दो साल बाद फिर मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी गई। इस बार समाजजनों ने दो गज की दूरी से नहीं बल्कि गले लगकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। सोमवार को समाजजनों ने 30वां रोजा रखा था। इसके साथ ही मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में ईद की तैयारियों में समाजजन जुट गए थे। बाजारों में ईद की खरीदारी भी जोर-शोर से की गई।
ईद की नमाज के लिए शहरकाजी को 50 वर्ष से चली आ रही परंपरानुसार उनके राजमोहल्ला स्थित निवास से लेकर सदर बाजार लाया गया। शहरकाजी डा. मोहम्मद इशरत अली ने बताया कि समाजजनों में ईद को लेकर खासा उत्साह है। ईद का उल्लास सभी ओर देखा जा रहा है। मस्जिद सदर बाजार में सुबह 6.20 पर और मस्जिद गफूरखा की बजरिया में सुबह 6.30 बजे नमाज पढ़ी गई।
अजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन के सचिव मोईनुद्धीन रजवी ने बताया कि जामा मस्जिद बड़वाली चौकी पर सुबह 9 बजे, मस्जिद सदर बाजार में सुबह नौ बजे भी नमाज पढ़ी गई। इसके अलावा मस्जिद उंटखाना मोती तबेला में सुबह 8.30 बजे, मस्जिद बाणगंगा कब्रिस्तान में सुबह 9.30 बजे बड़ी मस्जिद जूना रिसाला में सुबह 9.30 बजे नमाज पढ़ी गई।
दिग्विजय सिंह ने दी ईद की मुबारकबाद
इंदौर की सदर बाजार ईदगाह पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शहर काजी इशरत अली की अगुवाई की और स्वागत किया। उन्होंने सभी को ईद की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि ईद के मौके पर वह संयोग से इंदौर में थे और वह जहां भी रहते हैं, ईद मनाने के लिए ईदगाह में जाते हैं।
माहौल बिगाडऩे वालों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई
दिग्विजय सिंह ने कहा है कि त्योहार सौहार्द बढ़ाते हैं। प्रेम और भाईचारा बढ़ाते हैं। सभी को मिलकर इसे मनाना चाहिए। खरगोन दंगों को लेकर उन्होंने कहा कि खरगोन में वाकये के दो सप्ताह बाद भी कफ्र्यू लगा हुआ है। यह शासन प्रशासन की असफलता है। लोगों में सद्भाव बनाना चाहिए। जिन लोगों ने शहर का माहौल बिगाडऩे का काम किया है, चाहे वह हिंदू हो या मुस्लिम उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए।
त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
ईद, अक्षय तृतीया और परशुराम जयंती के चलते पुलिस ने शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सोमवार रात को जोधपुर में भड़की हिंसा के बाद पूरे देश में अलर्ट जारी है। इसी के तहत शहर के हर चौराहे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस के जवानों ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी निकाला है। साथ ही पुलिस ड्रोन कैमरों से भी इन इलाकों में निगरानी रख रही है। पुलिस और प्रशासन का यह पूरा प्रयास है कि खरगोन में रामनवमी पर हुई, किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
परशुराम यात्रा को लेकर बढ़ाई सुरक्षा
शहर में मंगलवार को ईद के साथ ही अक्षय तृतीया भी मनाई जाएगी। परशुराम जंयती (अक्षय तृतीया) के चलते बड़ागणपति मंदिर से मरीमाता क्षेत्र स्थित परशुराम वाटिका तक शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। यहां यह यात्रा जिंसी इलाके से भी निकलेगी। यहां भी सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने रिजर्व बल के साथ क्रक्कस्न की टुकड़ी को भी यात्रा के दौरान तैनात रखने के निर्देश दिए हैं।
संवेदनशील इलाकों में छतों पर ड्रोन से नजर
खजराना, आजादनगर और चंदन नगर इलाके में पिछले एक सप्ताह से अफसर लगातार शांति समिति की बैठक ले रहे हैं। ड्रोन से इमारतों पर नजर रखी जा रही है। डीजीपी सुधीर सक्सेना के इंदौर से रवाना होने के दूसरे दिन खजराना में ड्रोन उड़ाए गए थे। जिसमें कई छतों पर जमा पत्थर और सेंसेटिव सामान हटवाया गया था। इसके बाद से लगातार सुबह, शाम थाना प्रभारी और एसीपी व एडिशनल डीसीपी भी पैदल भम्रण कर रहे हैं।
इंदौर
दो गज की दूरी से नहीं गले लगकर कहा ईद मुबारक, सुरक्षा के कड़े प्रबंध
- 03 May 2022



