31 मई को होंगे शामिल,युवाओं को बताया जाएगा इंदौर का गौरवशाली इतिहास
इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अपने इंदौर प्रवास के दौरान इंदौर का गौरव दिवस आयोजित करने के संबंध में निर्देश दिए गए थे। इन निदेर्शों के अनुपालन में इंदौर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में 25 मई से 31 मई तक सात दिवसीय थीम बेस्ड कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित किया गया है। इसी तारतम्य में शुक्रवार को एआईसीटीएसएल के सभाकक्ष में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद शंकर लालवानी, विधायकगण श्रीमती मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, आईडीए के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, राजेश सोनकर, सुदर्शन गुप्ता, जीतू जिराती, मधु वर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह, नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिभा पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में इंदौर गौरव दिवस के प्रस्तावित कार्यक्रम के बारे में सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा विस्तृत रूप से चर्चा की गई। मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि इंदौर गौरव दिवस दीपावली के त्यौहार की तरह मनाया जाए। देवी अहिल्याबाई होलकर एवं इंदौर गौरव दिवस के नाम पर जिले के हर घर में दीप जलाये जाँए। यह उत्सव सबकी भागीदारी और साझेदारी के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ-साथ इंदौर को गौरवान्वित करने वाली प्रबुद्ध हस्तियां भी इसमें शामिल होंगी। बैठक में सर्व सहमति से निर्णय लिया गया कि इंदौर गौरव दिवस पर ह्लइंदौर गानह्व तैयार किया जाएगा। शहर के गौरवशाली इतिहास पर डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी जिसे यहां के नागरिक उन सात दिवसीय कार्यक्रम में देख सकेंगे। इस अवसर पर लाइट एंड साउंड प्रोग्राम के आयोजन के संबंध में भी चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इंदौर का राजवाड़ा क्षेत्र यहां के गौरवशाली इतिहास को बयान करता है इसलिए मुख्य समारोह राजवाड़ा में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा
इंदौर गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर 25 मई से 31 मई तक सात दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन प्रत्येक वार्ड में किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए प्रमुख जनप्रतिनिधिगण संयोजक के रूप में कार्य करेंगे और इन कार्यक्रमों का प्रत्येक वार्ड में सफल क्रियान्वयन हो उसके लिए माइक्रो प्लानिंग कर समितियों का गठन करेंगे।
इंदौर
दीपावली की तरह मनाया जाएगा इंदौर गौरव दिवस : मंत्री सिलावट
- 07 May 2022



