इंदौर। सुगम यातायात और वाहन चालकों की सुविधाओं को देखते हुए शहर की संकरी सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है। इसके तहत नगर निगम अब वीआइपी रोड से लगी दो सड़कों को चौड़ा करने जा रहा है। ये सड़कें जिसी चौराहा से किला मैदान तिराहा (रानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा) और टाटा स्टील चौराहे से कंडिलपुरा होते हुए सुभाष मार्ग तक की है। सबसे ज्यादा विवाद जिसी चौराहा से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक की रोड की चौड़ाई को लेकर है। इसका फैसला दीपावली बाद होगा, क्योंकि क्षेत्रीय विधायक व निगमायुक्त के साथ महापौर दौरा करेंगे। इधर, दोनों रोड पर तोडफ़ोड़ के लिए लोगों को नोटिस थमा दिए हैं। नपती कर निशान लगाना है। स्मार्ट सिटी कंपनी और निगम योजना शाखा सड़क चौड़ीकरण का काम कर रही है। ऐसे में अब वीआइपी रोड से लगे जिंसी चौराहा से किला मैदान तिराहा ( रानी लक्ष्मीबाई बाई प्रतिमा) तक 80 फीट चौड़ी और टाटा स्टील चौराहे से कंडिलपुरा होते हुए सुभाष मार्ग तक 100 फीट चौड़ी सड़क बनाई जा रही है। इन रोडों पर अभी यातायात का अधिक दबाव रहता है, क्योंकि बड़ा गणपति की तरफ से आने वाले वाहन किला मैदान, संगम नगर, कुशवाह नगर और मरीमाता-बाणगंगा की तरफ जाने के लिए इसी रोड का उपयोग करते हैं। ऐसे ही रामबाग की तरफ से आने वाले वाहन जिसी चौराहा रोड से रानी लक्ष्मीबाई प्रतिमा होते हुए किला मैदान, 60 फीट रोड, एयरपोर्ट, महेश गार्ड लाइन, कुशवाह नगर और मरीमाता - बाणगंगा की तरफ जाने के लिए करते हैं। अभी दोनों रोड की चौड़ाई लगभग 30 से 35 फीट ही चौड़ी है। यातायात का दबाव अधिक होने से बार-बार ट्रैफिक जाम होता रहता है। वाहन आपस में गुत्थमगुत्था होते रहते है। इसीलिए निगम ने दोनों रोड को चौड़ा करने का फैसला लिया है। इसके चलते टाटा स्टील चौराहे से कंडिलपुरा होते हुए सुभाष मार्ग तक रोड चौड़ीकरण में बाधित निर्माण तोडऩे के लिए 95 लोगों को नोटिस दिए गए हैं।
इसी तरह जिसी चौराहा से रानी लक्ष्मीबाई बाई प्रतिमा तक 65 लोगों को तोडफ़ोड़ के नोटिस थमाए गए हैं। इस रोड को 80 के बजाय 60 फीट चौड़ा बनाने की मांग की जा रही है। क्षेत्रीय लोगों की तरफ से विधायक संजय शुक्ला ने यह प्रस्ताव पिछले दिनों रोड को लेकर रखी गई बैठक में भी रखा था। प्रस्ताव पर सत्यनारायण सत्तन ने भी अपनी सहमति दी थी । सांसद शंकर लालवानी ने भी विधायक शुक्ला के रखे गए प्रस्ताव को प्रासंगिक बताते हुए स्वीकार करने की बात कही थी। इस पर अब महापौर पुष्यमित्र भार्गव दीपावली त्योहार के पश्चात क्षेत्रीय विधायक शुक्ला और निगमायुक्त प्रतिभा पाल के साथ सड़क का दौरा करेंगे। इसमें सड़क की चौड़ाई को सुनिश्चित कर लिया जाएगा।
इंदौर
दीपावली बाद होगा दो बड़ी सड़को का चौड़ीकरण, एक बनेगी 80 ओर दूसरी 100 फिट
- 24 Oct 2022