करीब 400 परिवरों ने गोवंश को दलिया-लड्डू परोसे झ्र गोसेवकों का किया सम्मान
इंदौर। केशरबाग रोड़ स्थित प्राचीन अहिल्या माता गौशाला पर आज भाई दूज एवं गोवर्धन पूजा के उत्सव सौल्लास मनाए गए। नागपुर की देवलापार गोशाला के प्रमुख सुनील मानसिंगका के मुख्य आतिथ्य में गोशाला की सभी 380 गोमाताओं को दलिया एवं लड्डू परोसे गए, गो सेवकों का सम्मान किया गया और गोरक्षा का संकल्प भी लिया गया।
गोशाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष रवि सेठी, मंत्री पुष्पेन्द्र धनोतिया एवं संयोजक सी.के. अग्रवाल ने बताया कि गोशाला पर आज दीपावली मिलन समारोह के साथ ही भाईदूज एवं गोवर्धन पूजा के उत्सव भी मनाए गए। श्री अहिल्या माता गोशाला जीवदया मंडल के सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने गोशाला की सभी 380 गोवंश को दलिया एवं लड्डू परोसे तथा गोपालकों को उपहार देकर उन्हें सम्मानित किया। सभी पदाधिकारियों ने गोसेवकों को स्वयं भोजन परोसा और उन्हें तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। अनेक परिवारों ने अपना भाईदूज पर्व भी गोशाला स्थित सप्त गोमाता मंदिर पर मनाया। आचार्य पं. मुकेश शास्त्री के निर्देशन में पांच विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोमाता का पूजन भी कराया और गोसेवकों के साथ गोमाता की आरती भी की। गोवंश को 56 भोग भी समर्पित किए गए। सभी गतिविधियों को देखकर मुख्य अतिथि सुनील मानसिंगका ने खुले मन से गोशाला की व्यवस्थाओं और शहर के गोप्रेम की प्रशंसा की। आज के सभी कार्यक्रमों में बचपन से लेकर पचपन तक की आयु के बंधुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। करीब 400 परिवारों ने आज गोशाला में आयोजित इन उत्सवों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। गोशाला पर सैकड़ों महिलाओं ने पहुंचकर गोबर से गोवर्धन पर्वत एवं अन्य पौराणिक कलाकृतियों का निर्माण कर उनका पूजन भी किया।
इंदौर
दीपावली मिलन के साथ बना रहा भाईदूज एवं गोवर्धन पूजा
- 28 Oct 2022