इंदौर। बेहतर पर्यावरण के लिए निगम सीएनजी और ई-व्हीकल पर फोकस कर रहा है। इसी क्रम में वर्तमान में संचालित 500 से अधिक कचरा संग्रहण गाडिय़ों के स्थान पर नई गाडिय़ां दौड़ाने की योजना है। इन गाडिय़ों में सीएनजी की किट होगी। गाडिय़ों को तैयार करने चेन्नई की कंपनी को ठेका दिया गया है। दीपावली तक अलग-अलग आकार की पहली खेप 40 गाडिय़ों की आ जाएगी। इसके बाद धीरे-धीरे पुरानी गाडिय़ों को चलन से बाहर किया जाएगा। नई गाडिय़ों में तीन के बजाय छह बॉक्स होंगे। बता दें कि शहर में पांच साल पहले निगम ने डोर टू डोर कचरा संग्रहण गाडिय़ां शुरू की थीं। ये गाडिय़ां सुबह 7 से रात 9 बजे तक घर, प्रतिष्ठानों से गीला-सूखा कचरा अलग-अलग लेती हैं। ये गाडिय़ां संगम नगर, कबीटखेड़ी, देवगुराडिय़ा, सिरपुर तालाब, सांवेर रोड पर खाली होती हैं। यहां गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग किया जाता है। संग्रहित कचरे में से आवश्यक सामग्री की छंटनी होती है। 19 जोनों में क्षेत्रफल के मान से 4 से 7 गाडिय़ां रोजाना चलती हैं। इन गाडिय़ों के लगातार चलने से उनका मेंटेनेंस नहीं हो पाता। यही कारण है कि गाडिय़ां खराब होकर सड़क पर खड़ी हो जाती हैं। गाडिय़ों के तल में टूट-फूट होने से गीले कचरे की गंदगी भी सड़क पर आ जाती है।
इंदौर
दीपावली से चलेंगी नई कचरा संग्रहण गाडिय़ां
- 27 Sep 2022