Highlights

इंदौर

दो महिलाओं को दहेज के लिए सताया

  • 21 Jun 2022

दोनों को घर से निकाला, ली पुलिस की शरण
इंदौर। महिला थाना पुलिस ने दहेज प्रताडऩा के दो मामलों में केस दर्ज किए हैं। दोनों महिलाओं द्वारा जब दहेज की मांग पूरी नहीं की तो उन्हें बच्चों सहित घर से निकाल दिया गया।
महिला थाना पुलिस ने बताया कि आलोकनगर में रहने वाली सुजाता की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 8 फरवरी 2006 को वैभवनगर कनाडिय़ा के विपिन बालोदिया के साथ हुई थी। शादी के साल भर तक सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा। उसके बाद पति विपिन बालोदिया दहेज में पांच लाख रुपए की मांग को लेकर प्रताडि़त करने लगा। सुजाता सहन करती रही इस दौरान उसे एक बेटा हुआ। वह जब गर्भवती हुई तो पति ने उसे मायके भेज दिया डिलेवरी का सारा खर्च सुजाता के मायके वालों ने ही उठाया। करीब दस साल बाद वह गर्भवती हुई और उसे बेटी हुई। उसके बाद पति विपिन ने फिर से पांच लाख रुपए के लिए प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। सुजाता के परिजनों ने जैसे-तैसे 1.50 लाख रुपए की व्यवस्था कर विपिन को दिए। वह कुछ दिनों तक शांत रहा उसके बाद उसने दूसरी बार बेटी होने को लेकर फिर से सुजाता को परेशान करना शुरू कर दिया। अंतत: उसने सुजाता को घर से ही निकाल दिया और कहा कि तुम पांच लाख लेकर आओ तभी तु हें घर पर रखूंगा।
इसी प्रकार  धार रोड की रहने वाली इफरा जाफरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 11 अप्रैल 2008 को स्कीम 71 धार रोड पर रहने वाले मूशिर अली जाफरी से निकाह हुआ था। इफरा मूशिर की दूसरी पत्नी थी। उसका पहली पत्नी से तलाक हो चुका था। शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा उसे एक बेटा और बेटी भी हो गए। उसके बाद पति,सास हूरबानो,देवर मोहसीन अली,ननद सना ताहिरा जाफरी ने उसे दहेज में बाइक लाने के लिए परेशान करना शुुरु कर दिया। इफरा जाफरी काफी दिनों तक सहन करती रही उसके बाद भी उसे प्रताडि़त करना बंद नहीं हुआ। हद तो ये हो गई कि 25 जनवरी 22 को इफरा जाफरी को पति सहित ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया और कहा कि जब तक दहेज में बाइक नहीं लाओ यहां मत आना। महिला थाना पुलिस ने पति मूशिर अली,सास हूरबानों,देवर मोहसीन अली,ननद सना ताहिरा जाफरी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी को पीटा, मां-पिता से भी मारपीट
एक युवक शराब के नशे में घर आया और पत्नी से विवाद करने लगा। पहले पत्नी को पीटा। जब माता-पिता बीच-बचाव करने आए तो उन्हें भी पीट दिया। राऊ पुलिस ने केस दर्ज किया है। रेखा सोलंकी (25) निवासी नयापुरा रंगवासा की शिकायत पर पति भोला सोलंकी के खिलाफ केस दर्ज किया है। रेखा ने पुलिस को बताया कि भोला शराब पीने का आदी है। कल शराब पीने के रुपयों की मांग करने लगा। रुपए नहीं होने की बात कही तो विवाद किया। उसने विरोध किया तो डंडा निकाला और पीट दिया। जब सास-ससुर ने विरोध किया और उसे बचाने की कोशिश करने लगे तो आरोपी ने उन्हें भी पीट दिया। साथ ही जान से मारने से धमकी दी।