इंदौर। हीरा नगर थाना क्षेत्र में दो युवकों ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों ही मामलों में शव को पीएम के लिए एम वाय अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगा रही है। पहला मामला हीरा नगर थाना क्षेत्र के शारदा नगर का है। यहां रहने वाले अमितेश राय नामक व्यक्ति ने अपने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया था। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आत्महत्या का कारण फिलहाल अज्ञात है। अमितेश कि 6 महीने पहले ही शादी हुई थी। वही हीरा नगर थाना क्षेत्र के खातीपुरा में रहने वाले 26 वर्षीय रोहित चौहान ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ऑटो रिक्शा चालक था और शराब पीने का आदी था। परिजनों से आए दिन विवाद करता था।
युवक ने भी फांसी लगाकर दी जान
उधर, एमआईजी इलाके में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। 1 महीने पहले ही उसके घर में बेटे का जन्म हुआ है। उसकी पत्नी मायके में ही है। एमआईजी पुलिस के अनुसार मृतक का नाम पवन पिता जितेंद्र बामने निवासी रुस्तम का बगीचा है। वह पेशे से पेंटर है। उसके चचेरे भाई अमित के अनुसार पवन घर पर अकेला ही था। कल शाम परिजन घर पहुंचे तो वह फंदे पर लटका हुआ मिला। उसकी पिछले साल ही शादी हुई थी। उसने खुदकुशी क्यों की है फिलहाल परिजन नहीं बता पा रहे। मामले में एमआईजी पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
ट्रेन की चपेट में आने से मौत
सरवटे बस स्टैंड के नजदीक ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है। रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना कल रात हुई है। महू की ओर जाने वाली रेलवे पटरी पर कल रात लगभग 55 वर्षीय अधेड़ ट्रेन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रेलवे पुलिस को जानकारी मिली तो मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस उसकी शिनाख्ती की कोशिश कर रही है। उसके बाद ही यह पता लग पाएगा कि वह हादसे का शिकार हुआ है या किसी वजह से खुदकुशी की है।
इंदौर
दो युवकों ने जहर खाकर जान दी
- 08 Nov 2022