इंदौर। अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी के अनुसार स्कीम 51 में रहने वाले पकंज व्यास को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया। उसने घर पर ही फांसी लगा ली थी। रात में वह परिवार से बात करके कमरे में गया और कुछ देर बाद उसने फांसी लगा ली। वहीं न्यू इंदिरा एकता नगर में रहने वाले दीपक पिता राजू (28) ने भी घर पर फांसी लगा ली है। अभी दोनों ही मामलों में आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
महिला की मौत में पति और ससुराल वालों पर केस
इंदौर। तेजाजी नगर पुलिस ने एक महिला की आत्महत्या के मामले में केस दर्ज किया है। पूजा पति रितिक उर्फ रोहित ठाकुर ग्राम माचला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में उसके पति रितिक उर्फ रोहित परमार निवासी शुजालपुर, सुनीता, अनीता के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी पति, सास और मौसी सास अनिता दहेज की मांग को लेकर परेशान कर रहे थे। जब प्रताडऩा हद से ज्यादा बढ़ गई तो उसने आत्महत्या कर ली।
पड़ोसन ने की मारपीट
इंदौर। महू में महिला को उसकी पड़ोसन ने पीट दिया। पड़ोसी के घर से गायब रुपयों को लेकर उसने पूछताछ की। इसी से नाराज पड़ोसन ने महिला को पीट दिया। ज्योति झामर पीठ रोड महू की शिकायत पर काली बाई के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि घर से किसी ने पांच हजार उठा लिए। उसने आरोपी से पूछा कि घर से रुपए गायब हैं। तु्हारे बच्चे तो नहीं ले गए हैं। इसी बात को लेकर वह भड़क गई और विवाद करने लगी। उसका कहना था कि बच्चों पर चोरी का झूठा आरोप लगा रही है। पहले कुकर के ढ?कन से उसे मारा। उसका झुमका पकड़ कर खींच लिया। इससे कान में चोट लग गई। उसके साथ मारपीट कर दी। वहीं हातोद में रहने वाली नीता जोशी के साथ में लाखन ने लेन-देन की बात को लेकर विवाद किया और उसके साथ गाली-गलौज की और मोबाइल तोड़कर नुकसान किया।
भाई-भाभी का सिर फोड़ा
इंदौर। चंदन नगर में एक आरोपी ने अपने भाई और भाभी का सिर फोड़ दिया। आरोपी ने मां से घर उसके नाम करने को लेकर विवाद किया और अपने भाई-भाभी पर हमला कर दिया। दोनों के सिर फोड़ दिए। बबलू उर्फ जाबिर पिता शेख रहीम निवासी राजकुमार नगर बांक की शिकायत पर इकबाल उर्फ गुड्डू के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि मेरा भाई इकबाल उर्फ गुड्डू मां से बोला कि घर मेरे नाम पर करो। इसके साथ ही घर से भी बाहर निकल जाओ। इसके साथ ही उससे विवाद करने लगा। उन्होंने और पत्नी नाजिरा ने इकबाल को मां के साथ लड़ाई झगडा करने को मना किया। इसके बाद आरोपी ने उससे विवाद करना शुरू कर दिया। उसने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ में मारपीट शुरू कर दी। जब पत्नी बचाने के लिए आई तो आरोपी ने उसे भी पीट दिया। इसके बाद घर के अंदर से लोहे की रॉड निकालकर लाया और उसके सिर पर मार दिया। उन्हें पीटने के बाद आरोपी ने पत्नी नाजिरा का भी पत्थर मारकर सिर फोड़ दिया।
दोस्तों के मिलकर किया हमला
इंदौर। एक हेयर सैलून संचालक पर वही रहने वाले कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर विवाद किया। दरअसल एक युवक दुकान पर बेवजह बैठ रहा था। दुकानदार ने उसे वहां से रवाना किया तो विवाद हो गया। आजाद नगर पुलिस के अनुसार मामला कोहिनूर कॉलोनी का है। घायल युवकों के नाम दिनेश और विनोद निवासी पालदा है। उनका कोहिनूर कॉलोनी में हेयर कटिंग सैलून है। विनोद के अनुसार उनकी दुकान पर समीर नामक युवक बैठ जाता है। इस वजह से ग्राहकी प्रभावित होती है, उन्होंने समीर को दुकान से रवाना किया तो उसने अपने पिता अजीज सहित अन्य दोस्तों को बुला लिया और हमला कर दिया। तुरंत आजाद नगर टी आई इंद्रेश त्रिपाठी बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया था।
सात में से दो बैग गायब
इंदौर। छत्रीपुरा पुलिस ने पालीटेक्निक छात्र निकेश पिता देवेंद्र स्वर्णकार निवासी अनूपनगर की शिकायत पर हमसफर टूर एंड ट्रैवल्स के स्टाफ पर हेराफेरी का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक निकेत ने 25 मार्च को भोपाल से सात बैग भेजे थे। इंदौर में पांच बैग तो मिल गए लेकिन दो गायब कर दिए। बैग में ज्वेलरी और अन्य सामान रखा हुआ था। पुलिस ने शिकायत पत्र की जांच की और मंगलवार को संदेही स्टाफ पर केस दर्ज कर लिया।