इंदौर। हीरानगर थाना क्षेत्र में चोरों ने दुल्हन के 25 तौला के आभूषण चुरा लिए। आभूषण दुल्हन और दूल्हे ने खुद पसंद कर खरीदे थे। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर लिया है। कुछ संदेहियों के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि खातीपुरा निवासी जीतू चौधरी की बेटी लवलीना की साईं पैलेस गार्डन(मेन रोड) पर शादी 16 दिसंबर को थी। जीतू का खेती और बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार है। बारात सारंगपुर से आई थी। जीतू के भाई मोहन चौधरी ने पुलिस को बताया बारात आते वर पक्ष ने दुल्हन को सोने के हार,चूडिय़ां,टीका,झुमके सहित करीब 25 तौला वजनी आभूषण दिए थे। आभूषणों से भरा बैग दुल्हन के रूम(9 नंबर) में रख दिया था। शाम को रस्म के समय आभूषणों की आवश्यकता पड़ी तो रूम का ताला टूटा मिला। जिस बैग में जेवर रखे थे वह 10 नंबर कमरे में मिला। लाखों रुपये कीमती आभूषण चोरी होने से हड़कंप मच गया। महिलाओं को घटना नहीं बताई। जो जेवर चोरी हुए वह दुल्हन लवलीना ने दूल्हे के साथ पसंद कर खरीदे थे। स्वजन ने करीब 10 लोगों को चिन्हित किया जो संदिग्ध हैं। पुलिस को शक है घटना में कडिय़ा गांव के सांसी गिरोह का हाथ है। उधर, सदर बाजार पुलिस ने भी जति कालोनी निवासी आरती प्रशांत हरदेनिया की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक आरती के घर से चोर सोने का मंगलसूत्र,पायल सहित अन्य सामान चुरा कर ले गए हैं।
बदमाश पर जिलाबदर की कार्रवाई
इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र के कुख्यात बदमाश हबला उर्फ अब्दुल हुसैन को एक साल के लिए जिलाबदर किया गया है। उसके खिलाफ चंदन नगर सहित अन्य थानों में तीन दर्जन से भी अधिक अपराध दर्ज हैं। हबला को एक साल के लिए इंदौर सहित उज्जैन, देवास, धार, खंडवा, खरगोन से जिलाबदर करने का आदेश जारी किया गया है।
इंदौर
दुल्हन के 25 तौला वजनी सोने के आभूषण चोरी में आरोपियों की तलाश
- 19 Dec 2022