इंदौर। शहर में गुरुवार सुबह मौसम ने सबको चौंका दिया। सुबह 6 से 8 बजे के बीच शहर में कोहरा छा गया। कोहरा इतना घना था कि सामान्य तौर पर जहां दृश्यता पांच से छह हजार मीटर तक रहती है, वहीं सुबह घटकर 800 मीटर तक पहुंच गई। इसके कारण दो विमानों को लैंडिंग के लिए इंतजार भी करना पड़ा।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक सुबह 6 से 8 बजे के बीच इंदौर एयरपोर्ट क्षेत्र में अचानक कोहरा छाया। यह आ-जा रहा था। इसके कारण दृश्यता घटकर कभी 800 मीटर तक तो कभी 1000 मीटर तक जा रही थी। इसकी जानकारी एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ ही एयरलाइंस और यहां आ रही उड़ानों के पायलट को भी दी गई। इसके चलते सुबह अहमदाबाद से आया इंडिगो का विमान और दिल्ली से आया विस्तारा एयरलाइंस का विमान प्रभावित भी हुआ। इन्हें उतरने के लिए कुछ समय इंतजार करना पड़ा। दोनों विमान 15 से 20 मिनट हवा में ही चक्कर काटते रहे। दृश्यता बढने पर ये उतर सके।
हवा थमने से हुआ रेडिएशन फॉग
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के सहायक मौसम वैज्ञानिक विवेक छलोत्रे ने बताया कि कोहरा अकसर ठंड के दिनों में देखा जाता है। बारिश के दिनों में कोहरा छाना असामान्य है। इसे रेडिएशन फॉग या विकिरण कोहरा भी कहा जाता है। रेडिएशन फॉग तब बनता है, जब धरती की ऊपरी परत ठंडी होती है। धरती की ऊपरी परत ठंडी होने के साथ ही हवा भी ठंडी हो जाती है, जिस कारण कोहरा उपजता है। वहां ऊपरी गर्म हवा ठंडी हवा को जमीन के निकट रखती है।
इंदौर
दो विमानों की लैंडिंग आसमान में अटकी
- 05 Aug 2022