Highlights

इंदौर

दो सूने मकानों से लाखों का माल उड़ाया

  • 04 Jun 2022

एक वारदात में सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश
इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में सवा तीन लाख रुपए और द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में सवा लाख की चोरी के दो मामले सामने आए हैं। सवा तीन लाख की चोरी में सीसीटीवी में एक संदिग्ध साइकिल सवार कैद हुआ है जबकि सवा लाख की चोरी में कोई सुराग नहीं मिला है।
द्वारकापुरी पुलिस के अनुसार धीरज बैरागी निवासी द्वारकापुरी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह अपने परिवार को लेकर एक शादी में गए थे। देर रात चोर घर से एक लाख से ज्यादा के गहने एवं 15 हजार रुपए चुराकर ले गए। चोर ऊपर की मंजिल से घर में घुसे थे। द्वारकापुरी पुलिस केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसी प्रकार बाणगंगा इलाके में सवा तीन लाख की चोरी की वारदात हो गई। सतीश प्रजाप्रति निवासी महेश यादव नगर के मुताबिक वे एक गमी के कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होने गए थे। वहां से लौटे तो देखा कि घर की सीमेंट की जाली टूटी हुई है। घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। चोर यहां से करीब तीन लाख के जेवर एवं 20 हजार रुपए नगदी चुराकर ले गए। पुलिस के मुताबिक घर के पीछे लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध साइकिल सवार कैद हुआ है। उसकी तलाश की जा रही है।
रंगेहाथों पकड़ाए चोर से मिला कई वारदातों का सुराग
उधर, महालक्ष्मी में एक सूने घर को चोरों ने निशाना बनाया। दो चोरों ने एक घर में घुसकर चोरी की एक पड़ोसी को इसकी भनक लग गई। उसके बाद उन्होंने वाट्सएप मैसेज से कालोनीवासियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने घेरांबदी कर दी। भागने के चक्कर में एक चोर छत से कूदा और टांग तुड़वा बैठा। दूसरा चोर फरार हो गया। पुलिस इलाज के बाद चोर से पूछताछ कर रही है। लसूडिय़ा पुलिस के मुताबिक पकड़े गए चोर का नाम विशाल है,उससे चोरी के एक लाख रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं। उसका पुराना रिकार्ड भी मिला है। उसने साथी के बारे में सुराग दिए हैं उसकी तलाश की जा रही है। कुछ अन्य चोरी की वारदातों का भी सुराग मिला है।