भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव दमोह के हटा में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन और विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बेटियों को जन्म से लेकर जीवन भर सम्मान और पूजा की दृष्टि से देखा जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेटियों और महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है और सरकारी योजनाएं महिलाओं के जीवन में हर कदम पर सहेली की तरह साथ दे रही हैं। इस अवसर पर उन्होंने जिले में 405 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक लागत के 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडली लक्ष्मी योजना के कारण प्रदेश में बेटियों के प्रति समाज की सोच सकारात्मक हुई है और लिंगानुपात में भी सुधार आया है। उन्होंने कहा कि लाडली बहनों के आशीर्वाद से प्रदेश विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हाल ही में शुरू हुए सर्वाइकल कैंसर से बचाव के एचपीवी टीकाकरण का उल्लेख करते हुए माताओं से अपील की कि वे 14 वर्ष से अधिक आयु की बेटियों को यह टीका जरूर लगवाएं। मंच से हटा की आठ बेटियों को टीकाकरण के लिए प्रमाण पत्र भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने हटा के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए इसका नाम बदलकर ‘शिवकाशी’ करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह स्थान भगवान गौरीशंकर की नगरी है, इसलिए इसे नए नाम से पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने हटा क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। इनमें नया आईटीआई भवन, आधुनिक नगर पालिका भवन और गीता भवन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा हटा के महाविद्यालय में अब कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन विषयों की पढ़ाई भी शुरू की जाएगी। उन्होंने पटेरा में नया महाविद्यालय खोलने, मड़ियादो और देवरी फतेहपुर में नए हायर सेकेंडरी स्कूल भवन बनाने तथा कई सड़कों के चौड़ीकरण और निर्माण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र में सिंचाई के नए अवसर पैदा होंगे और किसानों को भरपूर पानी मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर अब लगभग 55 लाख हेक्टेयर हो चुका है।
साभार अमर उजाला
भोपाल
दमोह में नारी शक्ति का सम्मान: सीएम मोहन यादव ने हटा का नाम 'शिवकाशी' किया, 13 विकास कार्यों का भूमिपूजन
- 12 Mar 2026



