Highlights

इंदौर

धीमी रफ्तार से चल रहा दो सौ साल पुराने स्कूल को संवारने का काम

  • 16 Jun 2022

इंदौर। छावनी क्षेत्र के लगभग दो सौ साल से भी ज्यादा पुराने शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 के नवीनीकरण और जीर्णोद्धार के काम बेहद धीमी रफ्तार से चल रही है। हालत यह है कि अभी तक केवल 30 फीसदी ही काम हो पाया है जबकि तीन माह पहले काम शुरू करतें वक्त अफसरों ने दावा किया था कि यहां का काम अगले छह माह से पहले पूरा भी हो जाएगा। लेकिन अब मानसून नजदीक है ऐसे में बारिश में और ज्यादा परेशानी होगी।
दरसअल अभी छत खोलकर हॉल और फ्रंट के सभी क्लासरूम को संवारने के लिए काम चल रहा है। इसके अलावा स्कूल ऑफिस और स्टॉफ रूम सहित सम्पूर्ण बाहरी परिसर के साथ चार से पांच प्रंष्ठट के क्लासरूम की बरसों पुरानी कवेलू की छत खोलकर इन कक्षाओं को बेहद सावधानी के साथ संवारकर ऐतिहासिक हैरिटेज लुक देने की तैयारी है।
गौरतलब है कि लंबे समय से निगम द्वारा क्षेत्र के हजारों रहवासियों व स्कूल प्रबंधन की मांग पर क्षेत्रीय विधायक आकाश विजयवर्गीय द्वारा बनाए प्रस्ताव पर इस सालों पुराने ऐतिहासिक माहत्व रखने वाले हैरिटेज लुक वाले स्कूल को संवारने की प्लानिंग बनाई थी, जहां कभी ख्यात अभिनेता जॉनी वाकर सहित अन्य अभिनेता पढ़ा करते थे, ऐसे स्कूल के जीर्णोद्धार की योजना पर इसी साल मार्च माह में निगम ने काम शुरू किया था। यही नहीं अफसरों ने दावा किया था कि छह माह की समय सीमा में इस ऐतिहासिक धरोहर वाले स्कूल भवन के नवीनीकरण का काम पूरा करवा लिया जाएगा। लेकिन अब कभी भी बारिश शुरू होने वाली है इधर स्कूल भी खुलने वाले है ऐसे में काम करने में अब और ज्यादा परेशानी होगी।