इंदौर/सागर। एक युवक गांव में मिल रही धमकियों से तंग आ गया और डर गया। इसके चलते वह इंदौर आ गया। वापस गांव गया तो फिर धमकिया मिली, इसके चलते उसने खुदकुशी कर ली।
जानकारी के अनुसार सागर में युवक के सुसाइड मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस किया है। घटना सुरखी थाना की बिलहरा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सहजपुरी खुर्द की है। पुलिस के अनुसार 11 अक्टूबर को जयपाल (22) पिता उधम सिंह ठाकुर ने घर में जहर पी लिया था। 12 अक्टूबर को इलाज के दौरान बीएमसी में उसकी मौत हो गई थी।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने फरियादी और मृतक के परिवार वालों के बयान लिए। बयानों में उन्होंने बताया कि जयपाल सिंह ठाकुर का करीब 1 साल पहले गांव के बाबू ठाकुर, पहाड़ सिंह उर्फ भैया, चंद्रभान, राजकुमार से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के चलते उक्त सभी लोग आए दिन उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते थे।
उक्त लोगों की धमकियों से डरकर जयपाल इंदौर काम करने चला गया था। अष्टमी की पूजा के लिए वापस गांव आया था। इसी दौरान 11 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे जयपाल के साथ गांव के बाबू ठाकुर और राजकुमार ठाकुर ने गाली-गलौज की। गांव वालों के सामने मृतक के गाल पर थप्पड़ मारा। थोड़ी देर बाद मृतक के घर के सामने बाबू ठाकुर, पहाड़ सिंह उर्फ भैया, चंद्रभान व राजकुमार हाथ में बंदूक, लाठी, कतरना लेकर आए। गाली-गलौज की। घटनाक्रम के बाद रात करीब 2.30 बजे मृतक जयपाल के उल्टी करने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग पहुंचे। यहां जयपाल आंगन में लेटा हुआ था। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उपचार के दौरान जयपाल की मौत हो गई। परिवार वालों ने अपने बयानों में उक्त लोगों की धमकियों से परेशान होकर जयपाल द्वारा जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या करने की बात कही। मामले में परिवार वालों के बयानों के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्ट्या बाबू ठाकुर, पहाड़ सिंह उर्फ भैया, चंद्रभान और राजकुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 306 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया है। मामले में मृतक जयपाल के कमरे की साफ-सफाई करते समय सुसाइड नोट मिला था। मृतक के भाई ने सुसाइड नोट पुलिस को सौंपा है। पुलिस उक्त सुसाइड नोट की जांच करा रही है।
इंदौर
धमकियों से डरकर इंदौर आया, वापस जाकर दे दी जान
- 29 Oct 2022