Highlights

इंदौर

निगम आयुक्त के निर्देश - कमांड सेंटर के प्रभारी फील्ड में जाकर देखें वाहनों का मूवमेंट

  • 06 May 2022

इंदौर। नगर निगम की आयुक्त प्रतिभा पाल ने गुरुवार सुबह 7:30 बजे सिटी बस आफिस स्थित इंटरग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर (आइ ट्रिपल सी) का निरीक्षण किया । इस मौके पर कमांड सेंटर के सुपरवाइजर दीपक पवार, सीएसआइ कमलाकर वक्ते एवं अन्य वहां उपस्थित थे। आयुक्त ने कहा कि समस्त जोनल अधिकारी देखें कि वार्ड की गाडिय़ां समय पर अपने अपने क्षेत्र में निकल जाएं। इसके लिए कंट्रोल कमांड सेंटर से क्या-क्या प्रयास किए जाते हैं, यह भी देखें। कमांड सेंटर के प्रभारी फील्ड में भी जाकर वाहनों का मूवमेंट देखें।
आयुक्त ने कहा कि कचरा संग्रहण गाड़ी यदि समय पर नहीं निकली तो कमांड सेंटर द्वारा क्या एक्शन ली जाती है, उसके स्थान पर दूसरी गाड़ी निकलने पर वह समय पर वार्ड मैं पहुंची या नहीं, यह भी देखें। यह भी जांचें कि कचरा वाहन लिटरबिन से कचरा संग्रहण कर रहे हैं या नहीं। लिटरबिन पर कितनी देर गाड़ी खड़ी रहती है, क्या केवल एक मिनट खड़े रहने पर लिटरबिन से कचरा लिया जा सकता है। कमांड सेंटर बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान है, यहां से पूरे इंदौर में चलने वाली कचरा संग्रहण गाडिय़ों का कमांड होता है, इसलिए यहां पर सजगता रखी जाए। आयुक्त ने तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा ओपन कचरा संग्रहण गाडिय़ां जिन रूट पर चलाई जाती हैं, उनकी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
कार्रवाई पर भी ध्यान दें
गुरुवार को निरीक्षण के दौरान आयुक्त प्रतिभा पाल ने कमांड सेंटर के प्रभारी को यह भी निर्देश दिए कि वे स्वयं भी फील्ड में जाकर देखें कि गाड़ी किस प्रकार से कार्य कर रही है। यदि कहीं रुकी है तो गाड़ी क्यों रुकी है। कमांड सेंटर से किसी गाड़ी के नहीं निकलने पर या कहीं पर अधिक समय स्टापेज देने पर तत्काल संबंधित जोन के जोनल अधिकारी और सीएसआइ को अवगत कराएं। उनके द्वारा क्या कार्रवाई की गई है, यह भी जानकारी ली जाए ।