Highlights

इंदौर

नई कचरा संग्रहण गाडिय़ां आई बैटरी से चलेगी, पर्यावरण बचाने निगम उठा रहा ठोस कदम

  • 09 Nov 2022

इंदौर।  शहर के बेहतर पर्यावरण के लिए निगम और जिला प्रशासन अपने स्तर पर भरसक काम कर रहा है। कारोबारी भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रयासों को सफल बनाने में लगा हुआ है। इसी क्रम में निगम अगले कुछ दिनों में 130 नई कचरा संग्रहण गाडिय़ों का संचालन शुरू करने जा रहा है। यह सभी गाडिय़ां बैटरी चलित होगी। इनके लिए अलग से चार्जिंग पाइंट बनाए जाएंगे। गाडिय़ां तैयार होकर वर्कशाप मेें खड़ी है। आरटीओ द्वारा रजिस्ट्रेशन व अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार किए जाना है, इसके बाद गाडिय़ां उन वार्डों में चलाई जाएगी, जहां क्षेत्रफल अधिक है।
सात साल पहले कचरा पेटियों को खत्म कर डोर टू डोर कचरा संंग्रहण गाडिय़ां शुरू की थी। 19 झोनों के 85 वार्डों में 430 गाडिय़ां सुबह से शाम तक कचरा कलेक्शन में लगी है। लगातार गाडिय़ों के चलने से इनका मेंटेनेंस निकलने लगा है। कुछ गाडिय़ों की हालत तो इतनी बदतर हो गई है कि वे कलेक्शन के दौरान कई बार रास्ते में खड़ी हो जाती है, जिन्हें वर्कशाप तक लाना मुश्किल हो जाता है।
नई गाडिय़ों को दौड़ाने से पहले निगम चार्जिंग पाइंट तैयार करेगा। यह चार्जिंग पाइंट कहां होंगे, इसकी जानकारी के लिए जोनल अधिकारियों से सुझाव मांगे जा रहे हैं। वार्ड के क्षेत्रफल के मान से 3 से 5 चार्जिंग पाइंट खड़े किए जाएंगे। हालांकि, वर्कशाप से निकलते समय ही गाडिय़ों की फुल बैटरी कर दी जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आए।
नई कचरा गाडिय़ों के बाद निगम के ऐसे वाहन जो डीजल से चल रहे हैं, उन्हें भी इलेक्ट्रिक में बदलने की कवायद चल रही है। वर्कशाप में डीजल वाले वाहनों को इलेक्ट्रिक में परिवर्तित करने का काम द्रुतगति से चल रहा है।