Highlights

इंदौर

नई बसों में सैर करेंगे बाहरी मेहमान, पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों तक ले जाएंगे

  • 24 Nov 2022

इंदौर। निगम के बेड़े में शीघ्र ही नई इलेक्ट्रिक बसें आएंगी। इन बसों में सबसे पहले प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आने वाले मेहमानों को सैर-सपाटा कराया जाएगा। पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों को सजाने का काम शुरू किया जाएगा। ये बसें तीन दिन तक लगातार सुबह से देर रात तक सेवाएं देती रहेंगी।
प्रवासी सम्मेलन को लेकर निगम के साथ जिला प्रशासन अपने स्तर पर लाखों के काम कर रहा है। आयोजन स्थल से लेकर एयरपोर्ट तक दुल्हन की तरह सजावट की जाएगी। 10 किलोमीटर का क्षेत्रफल नए इंदौर में तब्दील करने की तैयारी है। निगम की मंशा है कि यहां से लौटने पर मेहमान सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को यादगार बना ले। वे गंतव्य लौटने पर वहां भी निगम के कामों की सराहना करें। इसी ध्येय को लेकर हर विभागीय अधिकारी अलग-अलग जिम्मेदारी से काम कर रहा है।
अगले माह निगम को 20 इलेक्ट्रिक बसों मिलेंगी। इन बसों को एयरपोर्ट और ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर पर खड़ा रखा जाएगा। इन बसों से मेहमानों को पातालपानी, तिंछाफाल, राजवाड़ा, लालबाग, गुलावट, यशवंत सागर तालाब आदि स्थानों का भ्रमण कराया जाएगा। इन स्थानों की सुंदरता व विकास पर भी निगम लाखों रुपए खर्च कर रहा है।
बसों में मेहमानों का स्वागत गुलाब के फूल देकर किया जाएगा। इसके लिए फूलमंडी से निगम रोजाना 2 से 3 क्विंटल फूल खरीदेगा। इन फूलों को बसों में सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि वे लंबे समय तक खिले रहें।
समिट के उद्योगपतियों को लाएंगे
प्रवासी सम्मेलन के समाप्त होने के बाद शहर में दो दिनी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट होगी। समिट में 10 से अधिक देशों के उद्योगपति शामिल होंगे। उद्योगपतियों को लाने में भी बसों की मदद ली जाएगी। हालांकि, निगम उद्योगपतियों के लिए अलग से चार पहिया वाहनों की व्यवस्था भी करेगा।