Highlights

इंदौर

पांच साल बाद इंदौर में जून में हुई कम वर्षा

  • 30 Jun 2022

इंदौर। मानसून के समय से इंदौर पहुंचने के बाद भी इस वर्ष जून माह में बारिश का औसत कोटा पूरा नहीं हो सका है। पिछले पांच साल में इस बार जून माह में सबसे कम वर्षा इंदौर जिले में हुई है। इस वर्ष जून में वर्षा सामान्य से करीब 37 प्रतिशत तक कम है। जबकि वर्ष 2019 में जून माह में वर्षा सामान्य से 19 प्रतिशत तक कम रही रही थी।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह के मुताबिक पिछले वर्षो के मुकाबले इस बार अरब सागर व बंगाल की खाड़ी में अपेक्षित सक्रियता नहीं रही है। इस बार कम दबाव के क्षेत्र नहीं बने हैं और जो चक्रवाती घेरे बने वो भी दक्षिण भारत तक ही सीमित रहे और मध्य भारत तक नहीं पहुंच सके। यही वजह है कि इस बार जून में कम वर्षा इंदौर सहित प्रदेश के कई हिस्सों को मिली।
प्रदेश में इंदौर व उज्जैन संभाग ज्यादा प्रभावित हुए है। वर्षा कम होने के कारण इस बार सोयाबीन की बुआई में भी देरी हुई है। इंदौर में भले ही जून माह में वर्षा का प्रतिशत सामान्य से कम रहा है। वही जुलाई व अगस्त में वर्षा सामान्य रहने व सितंबर माह में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इंदौर में जून माह में आठ दिन वर्षा हुई है, जिसमें से सिर्फ तीन दिन ही अच्छा पानी बरसा है।
1 व 2 जुलाई को हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना
पिछले चार दिनों से शहर में बादल छा रहे है लेकिन कोई मजबूत सिस्टम न होने से वर्षा नहीं हो रही है। बुधवार को भी दिनभर बादल छाए रहे। दिन में दक्षिणी पश्चिमी हवाएं 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। बुधवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 32.4 डिग्री दर्ज किया गया। वही न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गुरुवार को शहर में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। वही 1 व 2 जुलाई को शहर के अलग-अलग सिसों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी।