Highlights

इंदौर

पति के दोस्तों ने किया गैंगरेप का प्रयास, अकेला पाकर घर में घुसे, मारपीट भी की

  • 03 Jun 2022

इंदौर। 19 साल की नवविवाहिता से गैंगरेप के प्रयास और पूरे परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला अपने घर पर अकेली थी। इस दौरान उसके पति के दो दोस्त घर पहुंचे और उसके साथ रेप का प्रयास किया। महिला ने पति और परिवार के अन्य सदस्यों को इस बारे में जानकारी दी। परिजन ने जब आरोपियों को कॉल कर केस दर्ज कराने की धमकी दी तो आरोपी अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर पूरे परिवार के साथ मारपीट करने पहुंच गए। पुलिस ने केस दर्ज कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।
लसूडिय़ा पुलिस के मुताबिक ओमेक्स सिटी में रहने वाली 19 साल की पीडि़ता अपने परिवार के साथ रात में थाने आई थी। पीडि़ता ने बताया कि वह दोपहर में घर पर अकेली थी। इस दौरान उसके यहां सोहन और लखन पहुंचे थे। दोनों उसके पति के दोस्त हैं और वह भी उन्हें जानती है। यहां दोनों ने उन्होंने महिला के साथ रेप का प्रयास किया। इसके बाद पीडि़ता शोर मचाते हुए घर से बाहर भागी और पति को मामले की जानकारी दी।
महिला के पति, ससुर, सास और देवर ने आरोपी सोहन को थाने जाने की बात कही। तब सोहन अपने साथी कुलदीप और उसके भाई कुलजीत पुत्र राजेन्द्र और विनोद पुत्र नेमीचंद पांडे निवासी बंगाली कॉलोनी को लेकर पहुंचा। यहां आरोपियों ने नवविवाहिता के चरित्र पर ही उंगली उठाते हुए विवाद किया और पति, सास, ससुर व देवर के साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मोबाइल नंबरों के आधार पर लखन, कुलदीप, कुलजीत और विनोद को पकड़ लिया। वहीं सोहन की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक सोहन और लखन को पीडि़ता पहले से पहचानती थी। इसके चलते उन्हें घर में आने दिया। पीडि़ता के परिवार के लोगों ने बताया कि पति मकान निर्माण काम से जुड़ा है। पहले पीडि़ता भी पति के साथ काम पर जाती थी। आरोपी भी वहां आते थे और महिला पर बुरी नजर रखते थे। पति ने इसके चलते उसे साथ में ले जाना बंद कर दिया था।