Highlights

मुंबई

पत्रकार ने नहीं लगाई थी बिंदी, संभाजी भिड़े क इंटरव्यू देने से इनकार

  • 03 Nov 2022

मुंबई। महाराष्ट्र के सामाजिक कार्यकर्ता संभाजी भिड़े को राज्य महिला आयोग द्वारा नोटिस भेजा गया है। उन्होंने एक पत्रकार को इसलिए इंटरव्यू देने से इनकार कर दिया था, क्योंकि उसने अपने माथे पर बिंदी नहीं लगाई थी। यह घटना कैमरे में कैद हो गई और न्यूज चैनल की यह क्लिप वायरल हो गई। संभाजी भिड़े ने महिला से कहा, "हर महिला भारत माता की तरह होती है और भारत माता विधवा नहीं होती है।"
आपको बता दें कि संभाजी भिड़े ने हाल ही में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की थी। सीएम के संग बैठक करने के बाद जैसे ही वह बाहर निकल रहे थे कि उन्हें सैम टीवी न्यूज की महिला पत्रकार ने इंटरव्यू के लिए रोक लिया।
पत्रकार ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए इस घटना के बारे में शेयर किया है। उन्होंने कहा कि बिंदी लगाना या नहीं लगाना, उनकी निजी पसंद है। पत्रकार ने ट्वीट कर कहा, "हम लोगों की उम्र देखकर उनका सम्मान करते हैं। लेकिन लोगों को भी सम्मान के योग्य होना चाहिए। यह मेरी निजी पसंद है कि मैं बिंदी लगाऊं या नहीं। यह लोकतंत्र है।"
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर ने बयान की निंदा की और कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता की टिप्पणी एक महिला के गौरव और सामाजिक कद के लिए अपमानजनक है। सोनाली चाकणकर ने कहा, "एक महिला अपने काम की गुणवत्ता से जानी जाती है।" सोशल मीडिया में लोग इस मुद्दे पर वाद-विवाद कर रहे हैं।
नोटिस में कहा गया है, "राज्य महिला आयोग अधिनियम 1993 की धारा 12 (2) और 12 (3) के तहत आपको एक महिला पत्रकार से बात नहीं करने पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा जाता है। आपने उनसे इसलिए नहीं बात की, क्योंकि उसने बिंदी नहीं लगई थी।"
साभार लाइव हिन्दुस्तान