पन्ना। पन्ना जिले की रुंझ नदी। यहां हीरा तलाशने के लिए लोगों की भीड़ लगी है। आसपास के जिलों के ही नहीं, उत्तर प्रदेश से भी लोग यहां अपनी किस्मत आजमाने पहुंच रहे हैं। मिट्टी में हीरे की तलाश कर रहे हैं। हीरा तलाशने वालों ने यहां तीन से चार फीट तक के गड्ढे कर दिए हैं।
अजयगढ़ जनपद में विश्रामगंज घाटी के नीचे रुंझ नदी में इन दिनों डैम का निर्माण चल रहा है। जहां से भारी मात्रा में मिट्टी खोदी गई है। कुछ दिन पहले हुई बारिश में पहाड़ी क्षेत्र से मिट्टी बहकर आई है। नदी में ज्यादा पानी नहीं है। ऐसे में यहां हीरे मिलने की संभावना बढ़ गई है। सुबह से शाम तक नदी में लोगों का हुजूम लगा रहता है। तसला, छलनी, फावड़ा लेकर लोग खुदाई करते मिल जाते हैं।
विश्रामगंज रेंज की टीम मंगलवार को यहां पहुंची थी। वन अमले को देखते ही यहां अवैध तरीके से नदी में हीरा तलाश रहे लोगों में भगदड़ मच गई। रेंजर जेपी मिश्रा ने बताया कि मौके से 30 लोगों को पकड़ा था। इनकी 12 बाइक जब्त की। चालानी कार्रवाई के बाद सभी को छोड़ दिया। जब्त बाइक डिवीजन कार्यालय में रखवाई हैं।
रुंझ नदी में अवैध रूप से हीरा खोदने की जानकारी लगते ही हीरा व्यापारियों के दलाल भी सक्रिय हो गए हैं। वे नदी किनारे हीरा तलाशने में लगे लोगों पर नजर रख रह हैं। हीरा मिलने पर ये लोग व्यापारियों से डीलिंग कराते हैं। दोनों ओर से अपना कमीशन ले लेते हैं। लोगों का दावा है कि कुछ को यहां से हीरे मिले हैं। हालांकि अभी किसी को हीरा मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हीरे तीन प्रकार के होते हैं। पहला- उज्ज्वल/जेम, दूसरा- मैलो और तीसरा- म_ो। सबसे ज्यादा भाव जेम क्वालिटी के हीरे को मिलता है। यह बिल्कुल सफेद होता है। सूरत के सराफा बाजार में 8 लाख रुपए औसत एक कैरेट हीरे की कीमत होती है, जो शुद्ध मात्रा में होता है। पन्ना जिले की नीलामी में 4 लाख रुपए औसत बोली लगाई जाती है। यह पूरी तरह शुद्ध नहीं होता। मेलो यानी ब्राउन और म_ो यानी काला होता है।
जिले में हीरे की 450 खदानें
पन्ना जिले में वर्ष 2021-22 में 450 खदानें स्वीकृत हैं, इनमें लोगों को खदान लगाने का पट्टा दिया गया है। पन्ना हीरा कार्यालय के बाबू सुशील यादव ने बताया कि एक वर्ष में जिले के हीरा कार्यालय में करीब 400 छोटे-बड़े हीरे जमा होते हैं। इनमें बड़े साइज के हीरे बहुत कम होते हैं। कार्यालय में जमा होने वाले अधिकतर हीरे 1 से दो कैरेट के बीच होते हैं।
राज्य
पन्ना में हीरे की खोज में जुटी भीड़, बांध के लिए खोदी गई मिट्टी और नदी में ढूंढ रहे हीरा
- 08 Sep 2022