इंदौर। विगत दिवस शहर के जीपीओ चौराहा स्थित लक्ष्मी सर्विस स्टेशन पर लगी आग की घटना को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मनीष सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में पेट्रोल पंप पर सुरक्षा मानकों के पालन हेतु इंदौर के पेट्रोल पंप डीलर एवं मेजर ऑयल कंपनियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर द्वय श्री पवन जैन, श्री अभय बेडेकर सहित इंडियन ऑयल कंपनी, बीपीसीएल, एचपीसीएल के पदाधिकारी एवं शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंप डीलर्स उपस्थित रहे।
बैठक में सर्व सहमति से निर्णय लिया गया कि ग्राहकों की सुरक्षा हेतु फ्यूल अनलोडिंग के समय आधे घंटे से 1 घंटे की समय अवधि तक पेट्रोल पंप पूर्णत: बंद रहेंगे। उक्त समय अवधि के दौरान अस्थाई रूप से पेट्रोल पंप बंद रहेंगे और इस समय किसी भी ग्राहक को पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि फ्यूल अनलोडिंग के दौरान पेट्रोल पंप संचालक पंप की एंट्री पर बैरिकेडिंग लगाकर ग्राहकों के लिए यह सूचना बोर्ड भी लगाएंगे की उनकी सुरक्षा के लिए ही पेट्रोल पंप को बंद किया गया है, जिससे ग्राहकों में भी यह जागरूकता आए और वे फ्यूल डलवाने के लिए दबाव न डालें। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने निर्देश दिये कि कोई भी पेट्रोल पंप खुले कंटेनर में ग्राहकों को पेट्रोल नहीं देंगे। पेट्रोल सिर्फ वाहन में ही डाला जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सीएनजी स्टेशन पर गाड़ी में सीएनजी भरवाते समय कोई भी वाहन चालक या ग्राहक गाड़ी में नहीं बैठेगा। साथ ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट के वाहन चालक भी सवारी को गाड़ी से उतारकर ही सीएनजी गाड़ी में भरवाएं।
इंदौर
फ्यूल अनलोडिंग के समय बंद रहेंगे पेट्रोल पंप, पेट्रोल पंप डीलर एवं ऑयल कंपनियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक
- 05 May 2022



