Highlights

इंदौर

फरार गोंद व्यापारी बयान देने पहुंचा, सीसीटीवी फुटेज सौंपा

  • 11 Oct 2022

इंदौर। दो साल पुराने अवैध गोंद परिवहन मामले में फर्जी बिल प्रस्तुत करने वाला फरार गोंद व्यापारी सोमवार को रिश्वत मांगने की चल रही जांच में अपना बयान देने पहुंचा। पूछताछ में व्यापारी अभी अपने बातों पर कायम है। यहां तक अधिकारियों को एक सीसीटीवी फुटेज भी दिया है। मगर, उसमें अभी रुपये मांगने वाली बात की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं फरार व्यापारी को गिरफ्तार तक नहीं किया है। मामले में जिम्मेदारों ने अवैध परिवहन के दस्तावेजों को जांचने के बाद कार्रवाई करना बताया है। उधर, वनकर्मियों और व्यापारी में तीखी बहस भी हुई।
गोंद व्यापारी राकेश गुप्ता (राहुल) ने दस दिन पहले वनमंडल अधिकारी नरेंद्र पंडवा को डिप्टी रेंजर श्याम गोहे, महेश सोनगरा और वनरक्षक सुनील जाट पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया था। वन मंत्री विजय शाह ने भी फरार व्यापारी की सिफारिश कर जांच करने और वनकर्मियों के तबादले को लेकर पत्र लिखा है। जांच की जिम्मेदारी एसडीओ केके निनामा को दी गई है। शुक्रवार को डिप्टी रेंजर गोहे, सोनगरा और जाट से तीन से चार घंटे पूछताछ की गई। मगर, सोमवार को व्यापारी गुप्ता ने अपनी लिखित शिकायत को ही बयान बताया है। सीसीटीवी फुटेज में गोदाम का निरीक्षण करते हुए वनकर्मियों को दिखाया है, जिसमें ये लोग व्यापारी से भी बातचीत करते हुए नजर आए हैं। इसके अलावा अन्य कोई ठोस प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया।