31 दिसंबर तक एयरपोर्ट के सभी काम करना होंगे पूरे
इंदौर। इंदौर में 8 से 10 जनवरी तक होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन को लेकर तैयारियों को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। सबसे पहले एनआरआई इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे ऐसे में यहां उनके वेलकम को कैसे खास बनाया जाए, इसकी तैयारी भी जारी है। फसाड लाइटिंग से रंग बिरंगी रोशनी से एयरपोर्ट जगमगाएगा साथ ही शो वाले प्लांट्स भी लगेंगे। एयरपोर्ट के बाहरी काम को 31 दिसंबर तक पूरा करने की डेडलाइन अफसरों ने सेट की है।
इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के सीईओ रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि आईडीए के द्वारा इंदौर एयरपोर्ट पर एक्सटर्नल काम करवाया जा रहा है। हर कंपोनेंट पर हम काम कर रहे है, जो हमारा एंट्रेंस गेट है। वहां पर वेलकम साइनेज होता है, वो बना रहे हैं। देवी अहिल्याबाई होलकर के नाम पर एयरपोर्ट है, ऐसे में सबसे बाहर वहां पर नाम लगा रहे हैं। इसके बाद दोनों साइड लेफ्ट और राइट ग्रीन कॉरिडोर बना रहे हैं।
आईडीए सीईओ ने बताया कि एयरपोर्ट के बाहर डामरीकरण का काम चल रहा है। साइनेज लगाने का काम हो रहा है। इसके साथ जहां पिकअप पॉइंट है, वहां लोग वेट करते है। केनोपी को नया बना रहे हैं। बैठने के लिए सीटआउट्स लगा रहे हैं। चार एकड़ में जो अस्थायी पार्किंग है, उसे ठीक किया जा रहा है। 31 दिसंबर काम पूरा करने के लिए कटऑफ डेट रखी है। शो वाले प्लांट्स भी लगा रहे हैं।
इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के सीईओ रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन और ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के रिनोवेशन का काम हो रहा है। 9 फ्रंट पर काम कर रहे हैं। इलेक्ट्रिक पोल को हेरिटेज लुक देने के लिए एंटिक पोल लगा रहे हैं। बड़े और छोटे उस तरह के पोल लगा रहे हैं। सीईओ ने बताया कि एयरपोर्ट की जो टर्मिनल बिल्डिंग है। इसमें फ्रंट में फसाड लाइटिंग भी कर रहे हैं। आटो डिमिंग और आटो कंट्रोल कलर चेंज उसमें रहेगा ताकि जो थीम लाइटिंग है, उसे हम कर सके और एक अच्छा इफेक्ट दे सके।
फसाड लाइटिंग यानी एक ऐसी लाइटिंग की व्यवस्था जो प्रोग्रामिंग बेस होती है। जिसे लगातार बदला जा सकता है। एक कंट्रोल के तहत लाइटिंग में बदलाव होते रहते है। मल्टी कलर, सिंगल कलर सभी इसमें होते है। कोई गीत चल रहा हो तो उसके हिसाब से भी प्रोग्रामिंग सेट करके लाइटिंग में बदलाव किए जा सकते हैं, ताकि गीत के बोल के हिसाब से लाइटिंग बदलती रहे। थीम बेस लाइटिंग भी की जा सकती है। जैसे देशभक्ति थीम पर तिरंगे रंग में बिल्डिंग जगमगाती नजर आएगी। फसाड लाइटिंग संबंधित बिल्डिंग की सुंदरता को ओर बढ़ा देती है।
इंदौर
फसाड लाइटिंग से जगमगाएगा इंदौर एयरपोर्ट
- 26 Dec 2022



